Headlines

गणेश विसर्जन में बवाल, सांसद की गाड़ी पर हमला:डीजे वाहन थाने ले जाने की बात पर भड़के लोग सड़क पर बैठे, पुलिस ने सांसद को सुरक्षित निकाला




संतकबीरनगर के बखिरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बवाल हो गया। अमरडोभा चौराहे पर डीजे वाहन को थाने ले जाने की बात पर विसर्जन में शामिल लोग नाराज हो गए और सड़क पर बैठकर विरोध करने लगे। इसी दौरान वहां से गुजर रही सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी को भीड़ ने घेर लिया और हमला कर दिया। हमले में गाड़ी का शीशा टूट गया। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह सांसद को सुरक्षित गाड़ी से बाहर निकाला और मौके से हटाया। घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह और अपर जिलाधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। विसर्जन जुलूस के साथ चल रहा था डीजे वाहन
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बखिरा कस्बे से गणेश प्रतिमा विसर्जन का जुलूस निकला था। प्रतिमा को अमरडोभा होते हुए ढोढया नहर की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान मेंहदावल के सीओ सर्वदमन सिंह मौके पर पहुंचे। लोगों का आरोप है कि सीओ ने विसर्जन जुलूस के साथ चल रहे डीजे वाहन का फोटो खींचा और कहा कि यह गाड़ी बखिरा थाने जाएगी। इस बात को लेकर जुलूस में शामिल लोगों में नाराजगी फैल गई। सांसद की गाड़ी को घेरकर किया हमला
डीजे वाहन को थाने ले जाने की बात के विरोध में लोग सड़क पर बैठ गए। इसी दौरान सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी वहां से गुजर रही थी। भीड़ ने गाड़ी को घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। हमले में गाड़ी का शीशा टूट गया। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह स्थिति संभाली और सांसद को सुरक्षित बाहर निकालकर वहां से ले गए। सांसद की गाड़ी में सवार लोग भी धरने पर बैठे
घटना के बाद सांसद की गाड़ी में सवार लोग भी नाराज हो गए। उन्होंने सड़क पर बैठकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर तनाव को देखते हुए पुलिस बल बढ़ा दिया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद की शुरुआत किस वजह से हुई और देखते ही देखते मामला इतना बढ़ कैसे गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *