झारखंड में 23 सितंबर तक बारिश का दौर:राजधानी में 2 दिन बारिश की संभावना नहीं, अंडमान में लो प्रेशर के संकेत




देश के पश्चिमी हिस्सों से मानसून की विदाई शुरू होने के बीच झारखंड में 23 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 23 सितंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आज शाम तक उत्तरी अंडमान सागर में साइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रभाव दिखेगा। इसके प्रभाव से अंडमान सागर में नया लो प्रेशर एरिया बनने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक यह सिस्टम अगले तीन से चार दिनों में मजबूत होकर दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ सकता है। इसकी दिशा और मजबूती के आधार पर झारखंड में भी इसका असर देखने को मिलेगा और बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है। अगले कुछ दिनों तक राज्य में बादल छाने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। कई इलाकों में हुई बारिश, राज्य में अब भी 6% कम वर्षा शुक्रवार को झारखंड के कई हिस्सों में बारिश हुई। सिमडेगा के ठेठईटांगर में 70.5 मिमी और खूंटी में 12.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। रांची में अब तक 1071.3 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 11 प्रतिशत अधिक है। वहीं, पूरे झारखंड में अब तक 883.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 6 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग ने 23 सितंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में कहीं-कहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई है। इस दौरान गरज के साथ बारिश और वज्रपात की भी आशंका है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार अंडमान सागर में बनने वाले नए लो प्रेशर सिस्टम की दिशा और उसकी मजबूती के आधार पर झारखंड में इसका प्रभाव तय होगा। सिस्टम सक्रिय होने पर राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। राजधानी में दो दिन बारिश की संभावना नहीं रांची और आसपास के इलाकों में अगले दो दिनों तक बारिश नहीं होने की संभावना है। हालांकि, इस दौरान कुछ स्थानों पर गर्जन, वज्रपात और तेज हवा चल सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार फिलहाल साइक्लोनिक सर्कुलेशन राजस्थान और गुजरात की ओर है। दो दिनों के बाद अंडमान से ओडिशा की तरफ एक अन्य साइक्लोनिक सर्कुलेशन बढ़ने की संभावना है। इसका आंशिक असर झारखंड पर भी पड़ सकता है। इसके प्रभाव से कुछ जगहों पर बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है। शुक्रवार को रांची का अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में 35 डिग्री, मेदिनीनगर में 34.6 डिग्री, बोकारो में 31.5 डिग्री और चाईबासा में 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, खूंटी में 12.5 मिमी बारिश हुई। राज्य में अब भी सामान्य से 6 प्रतिशत कम, जबकि रांची में सामान्य से 11 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *