![]()
कुरुक्षेत्र जिले के झांसा में नरवाना ब्रांच (भाखड़ा) नहर में मिले युवती के शव की तीन दिन बाद भी पहचान नहीं हो सकी है। 16 सितंबर को झांसा हेड के पास नहर में अर्धनग्न हालत में युवती का शव मिला था। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में पहचान कराने की कोशिश की। लेकिन अब तक कोई भी शव देखने तक नहीं पहुंचा और न ही किसी ने युवती के लापता होने का दावा किया है। पुलिस अब युवती की पहचान के लिए कुरुक्षेत्र जिले के आसपास के थानों के साथ दूसरे जिलों की पुलिस से भी संपर्क कर रही है। पंजाब पुलिस से भी मिसिंग महिलाओं का रिकॉर्ड लिया जा रहा है, ताकि शव की पहचान की जा सके। आज होगा पोस्टमॉर्टम युवती के शव का आज LNJP अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पोस्टमॉर्टम के दौरान डॉक्टर DNA जांच के लिए युवती के दांत या हड्डी का सैंपल सुरक्षित रखेंगे। इसका मकसद यह है कि भविष्य में अगर कोई व्यक्ति युवती की पहचान का दावा करता है तो DNA जांच के जरिए उसकी पहचान की पुष्टि की जा सके। अर्धनग्न हालत में मिला था शव 16 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे झांसा हेड के पास नहर में युवती का शव पानी में फंसा मिला था। सूचना मिलने पर गोताखोर प्रगट सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने शव को नहर से बाहर निकलवाने के बाद पुलिस को सूचना दी थी। युवती ने काले रंग की जींस जैसी लोअर पहन रखी थी। उसके ऊपर के कपड़े नहीं थे। बालों में क्लिप लगी हुई थी। कानों में बालियां और हाथ में अंगूठी व छल्ले भी मिले थे। उसकी उम्र करीब 28 से 30 साल के बीच बताई गई थी। शव मिलने के बाद झांसा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। शव को कब्जे में लेकर LNJP अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया था। नहीं मिला कोई सुराग पुलिस ने आसपास के इलाकों में भी युवती की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन तीन दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। अभी यह भी साफ नहीं है कि युवती नहर में कैसे पहुंची। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह हादसे का शिकार हुई, उसने खुद नहर में छलांग लगाई या मामला कुछ और है। पहचान-पोस्टमॉर्टम के बाद आगे बढ़ेगी जांच- मोहन लाल झांसा थाने के SHO मोहन लाल ने बताया कि पहचान होने के बाद ही युवती के नहर तक पहुंचने और मौत की वजह से जुड़ी जांच आगे बढ़ सकेगी। आज पोस्टमॉर्टम के बाद संस्था की मदद से अंतिम संस्कार कराया जाएगा। DNA सैंपल लिया जाएगा, ताकि आगे किसी परिवार के दावा करने पर उसकी पहचान मिलाई जा सके।
Source link
कुरुक्षेत्र नहर से मिले युवती के शव की पहचान नहीं:अर्धनग्न हालत में थी बॉडी, आज होगा पोस्टमॉर्टम; SHO बोले- DNA सैंपल रखेंगे सुरक्षित
