![]()
नगर परिषद रामपुर बुशहर की एक विशेष बैठक शनिवार को अध्यक्ष कर्ण शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शहर की व्यवस्था, नेशनल हाईवे-5 किनारे अतिक्रमण, हाउस टैक्स, पार्किंग और स्वच्छता जैसे कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इन पर आगे की कार्रवाई के लिए फैसले लिए गए। बैठक में एनएच-5 के किनारे सब्जी विक्रेताओं और रेहड़ी-फड़ी वालों द्वारा दुकानें लगाने का मुद्दा उठा। परिषद ने ऐसे लोगों को नोटिस जारी करने का फैसला किया। इसके साथ ही, एनएच-5 किनारे उन मकान मालिकों को भी नोटिस देने की बात कही गई, जिनके किराएदार सड़क किनारे दुकानें लगा रहे हैं। निर्धारित लाइन से बाहर रेहड़ी लगाने पर होगी कार्रवाई नगर परिषद अधिकारियों ने मकान मालिकों से कहा कि वे अपने किराएदारों को एनएच-5 पर दुकानें लगाने से रोकें। इससे सड़क किनारे अतिक्रमण और ट्रैफिक की समस्या को कम किया जा सकेगा। रामपुर बाजार में भी तय जगह और लाइन से बाहर रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों पर कार्रवाई होगी। परिषद पहले ऐसे लोगों को नियम मानने के निर्देश देगी। अगर इसके बाद भी नियमों का उल्लंघन जारी रहा, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पार्षदों को हाउस टैक्स के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि रिहायशी और व्यावसायिक इमारतों के लिए अलग-अलग दरें तय हैं। व्यावसायिक संपत्तियों पर टैक्स की दर ज्यादा हो सकती है, जबकि रिहायशी इमारतों के लिए यह दर कम रहती है। अपने-अपने वार्ड में टैक्स के नियमों की जानकारी दें पार्षद : अध्यक्ष अध्यक्ष कर्ण शर्मा ने पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में लोगों को हाउस टैक्स के नियमों और दरों की जानकारी देने की अपील की। इसके अलावा, बैठक में स्वच्छता ही सेवा-2026, वार्ड नंबर चार में एसजेवीएन की जमीन पर खुले परिसर के निर्माण के लिए एनओसी, शहर में लोडिंग-अनलोडिंग की व्यवस्था और फॉरेस्ट गेट कार पार्किंग की अवधि एक महीने बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। अध्यक्ष की इजाजत से दूसरे मुद्दों पर भी विचार किया गया। बैठक में उपाध्यक्ष रोहित नेगी, दीपना नेगी, नीतिका, उमा देवी, चंद्र प्रभा, विशेषर लाल सहित नगर परिषद के पार्षद और संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
Source link
रामपुर में एनएच-5 किनारे अवैध दुकानों पर होगी कार्रवाई:मकान मालिकों को भी नोटिस, पार्षदों को दी हाउस टैक्स नियमों की जानकारी
