Headlines

जांजगीर-चांपा में बिजली गिरने से 4 की मौत:बारिश से बचने झोपड़ी में बैठे 3 की जान गई, घर लौटते समय चपेट में आया किसान




जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दो अलग-अलग घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई। इन घटनाओं में 3 लोग घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। पहली घटना बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम महुदा में हुई। यहां बाड़ी में काम कर रहे लोगों पर बिजली गिरी, जिससे तीन लोगों की जान चली गई और तीन घायल हो गए। बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा ने बताया कि ग्राम महुदा में नदी किनारे एक बाड़ी में 4 पुरुष और 2 महिलाएं सब्जी की फसल पर काम कर रहे थे। शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच अचानक तेज बारिश शुरू हो गई और आकाशीय बिजली गिरने लगी। बारिश से बचने झोपड़ी में गए थे 6 लोग बारिश और बिजली से बचने के लिए सभी लोग बाड़ी में बनी एक छोटी झोपड़ी में चले गए। इसी दौरान झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर सभी लोग झुलस गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बलौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद नरेश खेरवार (24), राम भरोस पटेल (32) और तुलसी राम पटेल (51) को मृत बताया। इस घटना में अंजू पटेल (26), दुलारा बाई (46) और बैशाखू खेरवार (32) घायल हुए हैं। तीनों का इलाज अभी जारी है। घर लौटते समय बिजली की चपेट में आया किसान, मौके पर मौत दूसरी घटना अकलतरा थाना क्षेत्र में सीसीआई के पास हुई। यहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दुजराम जाटवर (55) नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई। दुजराम जाटवर बलौदा क्षेत्र का रहने वाला था और खेती के काम से ग्राम मुरलीडीह आया था। वह अपने ससुराल में रुका हुआ था। शाम को जब वह घर जाने के लिए निकला, तभी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया है। पुलिस के अनुसार, रविवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिवार को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए जाएंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *