![]()
अमृतसर के भगतांवाला दाना मंडी के पास गश्त के दौरान एएसआई (ASI) हरजीत सिंह की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इसी कड़ी में मोगा पुलिस ने शनिवार को थाना बधनी कलां के अंतर्गत आते गांव मीनियां में कई घंटों तक घेराबंदी कर बड़े स्तर पर छापेमारी की। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस की विभिन्न टीमों ने गांव मीनियां को चारों तरफ से सील कर दिया और आने-जाने वाले रास्तों पर कड़ी निगरानी रखी। कई घंटों तक चले इस गहन सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने अरशदीप सिंह (पुत्र गुरदीप सिंह) नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिए जाने की चर्चा है। हथियार भी बरामद, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार सूत्रों का दावा है कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक हथियार भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल वारदात में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इन गिरफ्तारियों और हथियार की बरामदगी को लेकर फिलहाल मोगा पुलिस के किसी भी वरिष्ठ अधिकारी ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है। 17 सितंबर की रात हुई थी ASI की हत्या बता दें कि बीते 17 सितंबर की देर रात अमृतसर में ड्यूटी पर तैनात एएसआई हरजीत सिंह की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी थी। घटना के बाद से ही पंजाब पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। घटनास्थल से मिले कारतूसों के खोल को फोरेंसिक लैब भेजा गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शहीद परिवार को 2 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता इस दुखद घटना पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शहीद एएसआई हरजीत सिंह के परिवार को कुल 2 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। इसमें पंजाब सरकार की ओर से 1 करोड़ रुपये की एक्स-ग्रेसिया (अनुग्रह राशि) और एचडीएफसी (HDFC) बैंक के पुलिस कल्याण बीमा कवर के तहत 1 करोड़ रुपये की राशि शामिल है।
Source link
अमृतसर ASI हत्याकांड: मोगा में पुलिस की छापेमारी:गांव को सील कर 3 आरोपियों को हिरासत में लिया, हथियार भी बरामद
