धनबाद38 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

धनबाद के नावाडीह स्थित विनोद बिहारी चौक के पास शनिवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक मीट दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश दुकान से 17 खस्सी खोलकर अपने साथ ले गए। चोरी हुए खस्सियों की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, दुकान मालिक नारायण मंडल की झटका मीट की दुकान है। शनिवार रात करीब दो बजे दुकान के अंदर दो कर्मचारी सो रहे थे। इसी दौरान चार से पांच हथियारबंद बदमाश दुकान में घुस आए। बदमाशों ने कर्मचारियों को धारदार हथियार दिखाकर डराया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
गोदाम से खस्सियों को वाहन में लाद ले गए
कर्मचारियों को धमकाने के बाद बदमाश दुकान के गोदाम में पहुंचे। वहां बंधे 17 खस्सियों को एक-एक कर खोला और दुकान के बाहर खड़े अपने वाहन में लाद लिया। इसके बाद सभी बदमाश खस्सियों को लेकर मौके से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद कर्मचारियों ने तत्काल दुकान मालिक नारायण मंडल को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर दुकान मालिक मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान में चोरी की यह तीसरी घटना है। इससे पहले भी उनकी दुकान में दो बार चोरी हो चुकी है। बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं से दुकान संचालक और आसपास के कारोबारी चिंतित हैं।
सीसीटीवी फुटेज से पहचान की कोशिश
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर वारदात में शामिल बदमाशों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
साथ ही घटना में इस्तेमाल वाहन और बदमाशों के आने-जाने के रास्ते की जानकारी जुटाई जा रही है। इधर, इस घटना के बाद नावाडीह और विनोद बिहारी चौक के आसपास के दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

