Headlines

पठानकोट में नहर के संकरे पुल से बाइक समेत गिरा:ग्रामीणों ने बचाई जान, नशे में गाड़ी चलाने का आरोप; प्रशासन से बैरिकेडिंग की मांग




पठानकोट क्षेत्र में नहर के एक बेहद संकरे पुल से गुजरते समय संतुलन बिगड़ने के कारण एक युवक अपनी मोटरसाइकिल सहित नीचे जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद मचा शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और स्थानीय युवक मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद रस्सी की मदद से युवक व उसकी बाइक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत यह रही कि घटना के समय नहर में पानी का बहाव काफी कम था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। हादसे का शिकार हुए पीड़ित मंजीत कुमार ने बताया कि वह काम के सिलसिले में इस रास्ते से वापस लौट रहा था। इसी दौरान बाइक का स्टैंड नीचे लग जाने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। मंजीत का पैर बाइक में ही फंस गया था। उसने तत्काल मदद पहुंचाने और सुरक्षित बाहर निकालने के लिए स्थानीय ग्रामीणों का दिल से आभार व्यक्त किया। नशे में बाइक चलाने का आरोप दूसरी ओर, बचाव कार्य में शामिल स्थानीय युवक अरुण कुमार व अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि युवक हादसे के समय नशे की हालत में था और काफी तेज गति से बाइक चला रहा था, जिसके कारण उसने नियंत्रण खो दिया। निवासियों ने स्पष्ट किया कि यह पुल केवल पैदल चलने वालों के लिए है और यहां दोपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह वर्जित है। ग्रामीणों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि नहर में पानी का बहाव तेज होता, तो परिणाम जानलेवा हो सकते थे। प्रशासन से बैरिकेडिंग और नशे पर सख्ती की मांग घटना के उपरांत स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस संकरे और खतरनाक पुल पर तुरंत मजबूत बैरिकेडिंग की जाए, ताकि दोपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः रोका जा सके। इसके साथ ही ग्रामीणों ने क्षेत्र में पैर पसार रही नशे की समस्या पर गहरी चिंता जताते हुए प्रशासन से नशे के सौदागरों व नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *