Headlines

चौका नदी का जलस्तर बढ़ने से गांवों का रास्ता डूबा:सीतापुर में 200 मीटर रास्ता डूबा, ढाई फीट पानी से स्कूली बच्चों और किसानों की बढ़ी परेशानी




सीतापुर के महमूदाबाद तहसील क्षेत्र में चौका नदी का जलस्तर खतरे के निशान से महज 20 सेंटीमीटर नीचे पहुंच गया है। जलस्तर बढ़ने से गोड़ैचा-सदरपुर मुख्य मार्ग से पिपरी जाने वाले रास्ते पर पुलिया के पास करीब 200 मीटर सड़क पानी में डूब गई है। पिपरी, रंडा खुर्द और मोहम्मदपुरवा गांवों को जोड़ने वाले इस रास्ते पर करीब 2 से ढाई फीट पानी बह रहा है। लगातार बढ़ते जलस्तर से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और किसानों को हो रही है। ग्रामीणों के मुताबिक रास्ते पर पिछले तीन दिनों से लगातार पानी भरा हुआ है। जलभराव के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित है। स्कूली बच्चों को पानी से होकर रास्ता पार करना पड़ रहा है। पिपरी निवासी रामकुमार ने बताया कि मार्ग पर लगातार पानी बढ़ रहा है। ऐसे में छोटे बच्चों को स्कूल भेजने में अभिभावकों को डर लगा रहता है। कई बार बच्चों को पानी के बीच से होकर ही रास्ता पार करना पड़ता है। धान की तैयार फसल पानी में डूबी रंडा खुर्द निवासी फरीद खान ने बताया कि खेतों में धान की फसल पककर तैयार थी। कटाई से पहले ही बाढ़ का पानी खेतों में भर गया और फसल डूब गई। किसानों का कहना है कि खेतों में लंबे समय तक पानी भरा रहा तो धान खराब हो सकता है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। गांवों के आसपास भी जलभराव मोहम्मदपुरवा निवासी सुहेल अहमद के मुताबिक गांव से सटा इलाका भी बाढ़ के पानी से घिर गया है। जलभराव के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए आने-जाने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने, रास्ते से पानी की निकासी कराने और प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन कराने की मांग की है। समय रहते निकासी नहीं हुई तो बढ़ेगी दिक्कत ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते रास्ते से पानी निकालने की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है। पानी बढ़ने से गांवों के बीच आवागमन पूरी तरह प्रभावित होने की आशंका है। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में टीमें लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रख रही हैं। जरूरत के मुताबिक ग्रामीणों को मदद उपलब्ध कराने की तैयारी भी की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *