Headlines

Punjab Chandigarh News | Child Trafficking Gangrape Video Controversy


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर DC ऑफिस के बाहर जहर निगलने से जुड़ी रही। उक्त व्यक्ति का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उसने कहा कि नशे के खिलाफ बोलने पर मुझे धमकाया गया। वहीं SSP ने दावा खारिज करते हुए कहा कि इसके खिलाफ तो खुद ही नशा तस्करी के केस चल रहे हैं।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. जहर निगलने वाला बोला- नशे पर बोलने से रोका

संगरूर में DC ऑफिस के बाहर जहर निगलकर सुसाइड करने वाले जगसीर सिंह उर्फ जग्गा का वीडियो सामने आया है। जिसमें उसने कहा कि गांव के सरपंच ने मुझे नशे के खिलाफ बोलने से रोका। इंटरनेट पर डाला वीडियो डिलीट करवा दिया। फिर सरपंच रिवॉल्वर लेकर मेरे घर आ गया। मुझे धमकाया और घर के CCTV कैमरे तोड़ दिए।

जग्गा ने आगे कहा- मैं पंजाब सरकार में मंत्री व AAP के प्रदेश प्रधान अमन अरोड़ा को वीडियो दिखाने के लिए गया था, लेकिन मुझे रोककर DSP के पास भेज दिया गया। DSP ने SHO के पास जाने को कह दिया। जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो मजबूरन मुझे जहर निगलना पड़ा।

रविवार को जहर निगलने वाले जग्गा की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका पटियाला मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। वहीं, AAP सरपंच का कहना है कि जग्गा के लगाए आरोप निराधार हैं। जांच चल रही है। सब कुछ साफ हो जाएगा। इसके बाद बयान दूंगा। (पढ़ें पूरी खबर)

2. iPhone लंगर पर प्रशासन ने लगाई रोक

कारोबारी राकेश त्रेहन के कल के iPhone लंगर पर चंडीगढ़ प्रशासन ने रोक लगा दी है। DC निशांत यादव ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि ऐसा कोई लंगर न लगने दिया जाए। चंडीगढ़ पुलिस ने भी उनसे किसी तरह की परमिशन न लेने की बात कही है। वहीं मोहाली पुलिस ने भी साफ किया है कि बिना परमिशन ऐसा कोई लंगर नहीं लगने दिया जाएग।

प्रशासन के रवैये के बाद कारोबारी त्रेहन ने कहा कि वह कोई भीड़ नहीं जुटा रहे। मीडिया के सामने ड्रॉ निकाला जाएगा। इसके बाद वह विजेता महिला के घर जाकर उसे iPhone देंगे। चंडीगढ़ के सेक्टर 10 में रहने वाले कारोबारी राकेश त्रेहन ने घोषणा की है कि 22 सितंबर को वह iPhone का लंगर लगाएंगे। इसमें 18 साल से बड़ी उम्र की चंडीगढ़ व मोहाली की महिलाओं को फ्री में iPhone के 17 या उससे ऊपर के मॉडल देंगे। (पढ़ें पूरी खबर)

3. ₹1 लाख में बच्चे का सौदा, बस स्टैंड पर छोड़ा

जालंधर में किडनैप हुए 4 साल के बच्चे को पुलिस ने खोज निकाला है। इसके साथ किडनैपिंग के आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जालंधर में आदमपुर के रहने वाले रजत रत्तु उर्फ रॉकी के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर है। उसने खुलासा किया है कि वह बच्चे को बेचने वाला था। एक लाख रुपए में उसने बच्चे का सौदा किया था और 20 हजार रुपए एडवांस भी ले चुका था।

हालांकि, पुलिस की नाकेबंदी के चलते उसे बच्चे को जालंधर बस स्टैंड पर छोड़कर भागना पड़ा। इससे पहले वह करीब 8 घंटे तक बच्चे को जालंधर शहर में स्कूटी पर लेकर घूमते रहे। पुलिस को सीसीटीवी मिला है, जिसमें आरोपी बच्चे को स्कूटी पर लेकर जाते दिख रहे हैं। पुलिस अब आरोपी के साथी की गिरफ्तारी के लिए छापे मार रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. होटल में प्रॉपर्टी डीलर की लाश मिली

लुधियाना में सोमवार को एक होटल में प्रॉपर्टी डीलर का शव मिला है। वह पक्खोवाल स्थित होटल की 5वीं मंजिल पर कमरा नंबर 508 में रुका हुआ था। वह एक दिन पहले ही होटल में ठहरने के लिए आया था। सोमवार को जब उसने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो होटल स्टाफ ने मास्टर चाबी से कमरा खोला।

अंदर प्रॉपर्टी डीलर का शव पड़ा मिला। प्रॉपर्टी डीलर की पहचान सतनाम सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य भी होटल पहुंचे। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस फिलहाल मौत के कारणों की जांच कर रही है (पढ़ें पूरी खबर)

5. केंद्रीय मंत्री शिवराज बोले- मेरी आत्मा रो रही

भाजपा की चौथी नशामुक्त पंजाब यात्रा आज तलवंडी साबो से रवाना हुई। जिसे केंद्रीय कृष्ण मंत्री शिवराज चौहान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जनसभा में शिवराज ने कहा कि तलवंडी साबो कर्म और भक्ति की पावन भूमि है। यह वीरों और सूरमाओं की धरती है। यहां की हवा में गुरबाणी की मिठास और मिट्टी में शहादत की महक है।

शिवराज ने भावुक होते हुए कहा कि मैं पहली बार इस पवित्र स्थान पर आया हूं, लेकिन पंजाब में नशे के कारण माताओं की गोद सूनी होते देख मेरी आत्मा रो रही है। आज समय आ गया है कि हम गुरु साहिबान के बताए मार्ग पर चलें, सेवा भाव अपनाएं और सच के हक में खड़े हों। उन्होंने कहा कि अब नशे के खिलाफ जन-समर्थन का ऐसा तूफान उठेगा कि नशे का कारोबार करने वाले देखते रह जाएंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के छह महीने के भीतर नशे की सप्लाई चेन, नेटवर्क और नशा तस्करों की संपत्तियों पर कार्रवाई की जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर)

6. गणपति पंडाल में हंगामा, पंखे-स्पीकर फेंके

लुधियाना में एक व्यक्ति ने गणपति पंडाल में हंगामा कर दिया। उसने पंडाल में रखे पंखे और स्पीकर उठाकर नीचे फेंक दिए। इसके बाद उसने इलाके में कथित तौर पर गाली-गलौज भी की। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें व्यक्ति पंडाल में सामान गिराता नजर आ रहा है।

मामला न्यू प्रेम नगर इस्लामगंज स्थित देवील चौक का है। शिव सेना पंजाब के यूथ नेता भानू प्रताप ने बताया कि गणपति जी महाराज के पंडाल में हुई इस घटना से लोगों में रोष है। ऐसी हरकत को सहन नहीं किया जाएगा। उनके मुताबिक, सोमवार को इलाके के कुछ लोगों ने घटना से संबंधित वीडियो साझा किया, जिसके बाद मामला सामने आया। (पढ़ें पूरी खबर)

7. 4 नए अंडरपास बनेंगे, जाम से मिलेगी राहत

चंडीगढ़ की 4 सबसे व्यस्त जगहों पर बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए अंडरपास बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। शहर में फ्लाईओवर बनाने के रास्ते में आ रही तकनीकी अड़चनों को देखते हुए इन जगहों पर अब अंडरपास के जरिए ट्रैफिक निकालने की प्लानिंग की गई है। सबसे पहले चारों जगहों का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे का काम एक एजेंसी को दिया जा रहा है।

एजेंसी इन जगहों का टोपोग्राफिकल सर्वे और डिजिटल मैपिंग कर रिपोर्ट प्रशासन को देगी। रिपोर्ट के आधार पर इन चारों जगहों पर अंडरपास बनाने की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी। इसके बाद डिजाइनिंग और कंसल्टेशन की प्रक्रिया पूरी होगी। शहर के एंट्री पॉइंट हाउसिंग बोर्ड चौक से लेकर शहर के अंदर 4 अंडरपास बनाने की प्लानिंग की गई है। (पढ़ें पूरी खबर)

8. हमले का वीडियो बनाने पर युवती से गैंगरेप

पठानकोट के थाना सदर क्षेत्र में परिवार के साथ मरपीट की FIR करने की रंजिश में रविवार को 4 युवकों ने गांव की युवती के साथ गैंगरेप कर डाला। चंडीगढ़ से लौट रही युवती को आरोपियों ने रास्ते में घेरा और झाड़ियों में ले जाकर उसके साथ बारी-बारी से रेप किया। वारदात के दौरान आरोपियों ने युवती के साथ मारपीट की, कपड़े फाड़े और उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया।

वे बंधक बनाकर पीड़ित युवती से कह रहे थे- तुझे बहुत सुबूत जुटाने और वीडियो बनाने का शौक है। अब वीडियो बना। वहां से बचकर युवती परिजन के साथ थाने पहुंची। इस मामले में कार्रवाई करते हुए थाना सदर पुलिस ने गांव के ही चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। SSP मनप्रीत सिंह ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। (पढ़ें पूरी खबर)

9. पंथ से निकालने पर चावला बोले- बलि का बकरा बनाया

पंथ से निकालने पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व सदस्य अमरजीत सिंह चावला सामने आए हैं। उन्होंने सोमवार को फेसबुक लाइव आकर कहा कि उनके मामले में प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत को अनदेखा किया गया। किसी भी व्यक्ति पर कार्रवाई से पहले उसका पक्ष सुना जाना चाहिए, लेकिन उनके साथ ऐसा नहीं हुआ।

चावला ने कहा कि जत्थेदार साहिब को एकतरफा फैसला लेने के बजाय उन्हें बुलाकर स्थिति स्पष्ट करने का मौका देना चाहिए था। उन्होंने बताया कि यह मामला अभी अदालत में चल रहा है। पुलिस की एफआईआर के बाद बयान भी दर्ज हो चुके हैं। इसके बावजूद उनके खिलाफ बिना किसी जांच के जल्दबाजी में फैसला सुना दिया गया। बलि का बकरा बनाया। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके

10. लड्‌डू-लोई के ट्रैप में फंसा गए मुलाजिम नेता

पंजाब के सरकारी मुलाजिमों के नेता CM भगवंत मान को लोई ओढ़ाने और लड्‌डू खिलाने पर बुरे फंस गए। उनके संगठन के मुलाजिमों ने ही उन पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। हालात इस कदर हो गए कि बकाया DA के लिए आंदोलन कर रहे मुलाजिम नेताओं को सफाई देने के लिए मजबूर होना पड़ा।

लोई-लड्‌डू को लेकर साझा मुलाजिम फ्रंट के प्रधान सुखचैन सिंह खैहरा ने कहा- हमें ट्रैप में फंसाया। हमें तो अंदर कुछ भी नहीं ले जाने दिया गया। सरकार ने खुद ही लोई और लड्‌डू मंगवाए। फिर सीएम मान ने मुझे बुलाकर मेरे मुंह में लड्‌डू डाल दिया। इसके बाद मैंने भी मिठाई खिलाई। लोई भी खुद सरकार ही लाई थी, हमें ओढ़ाने को कहा तो ओढ़ा दिया।

ये फोटो फिर सोशल मीडिया पर डाल दीं गईं और DA का आंदोलन खत्म कराने की कोशिश की गई। हमारा नैरेटिव सोशल मीडिया पर टॉप पर चल रहा था लेकिन सरकार गेम कर गई। हमारे मुलाजिम ही खिलाफ हो गए। खैहरा ने तो यहां तक कहा कि अब यूथ आंदोलन के दौरान सरकार से बातचीत करे। हम बाहर रहकर आंदोलन लीड कर लेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *