![]()
मारपीट, वीडियो, FIR और सवा महीने बाद गैंगरेप, ये कहानी है पठानकोट में चंडीगढ़ से लौट रही युवती के साथ हुई दरिंदगी का। आरोपी इस बात से गुस्से में आए कि जब वह गुंडागर्दी कर रहे थे, मारपीट कर रहे थे तो युवती ने उनकी वीडियो क्यों बनाई, जो ऐसा सबूत बना कि पुलिस ने उन पर FIR दर्ज कर दी। उन्होंने युवती को अकेला पाकर पीछे से बाइक मारकर गिराया, फिर उसे घसीटकर झाड़ियों में फेंक दिया, जहां उसका गैंगरेप किया। पुलिस ने इस मामले में 4 युवकों के खिलाफ रेप का केस दर्ज कर लिया है। हालांकि आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पीड़िता ने कहा कि मेरे मरने के बाद कैंडल जलाने के बजाय अभी इंसाफ दिलवाएं। उसकी मां ने कहा कि अगर पुलिस से परिवार को इंसाफ न मिला तो पूरा परिवार जहर खाकर जान दे देगा। दैनिक भास्कर ने पीड़िता से बात कर उस वीडियो की पूरी कहानी निकाली, जिसकी वजह से नौबत उसके गैंगरेप तक पहुंच गई…., जानिए पूरा मामला जानिए, वीडियो में क्या दिख रहा
युवती ने मारपीट के सबूत के तौर पर जो वीडियो बनाया, उसमें उसकी मां, भाई, पिता और मामा, सब खून से लथपथ दिख रहे हैं। इसके अलावा, हमलावरों के हाथ में लोहे की रॉड, मोडिफाइ़ड हथियार और लाठियां दिख रहीं हैं। जिससे वे पीड़िता के परिवार पर ताबड़तोड़ हमला करते भी दिख रहे हैं। उसके बाद जब परिवार इलाज के लिए सिविल अस्पताल में पहुंचा तो वहां ईलाज के दौरान भी पीड़िता ने वीडियो बनाए। परिवार का कहना है कि इस पूरे मामले को पीड़िता ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो जब पुलिस के पास सबूत के तौर पर पहुंचा और वायरल हो गया तो आरोपियों ने बदला लेने की ठान ली थी। गैंगरेप के बाद पीड़िता ने क्या कहा युवती ने गैंगरेप को लेकर पुलिस को क्या बताया
पीड़िता ने कहा- मेरी उम्र 18 साल 7 महीने है। मैं पढ़ाई करती हूं। 20 सितंबर को मैं निजी काम से मोहाली गई थी। दोपहर में पठानकोट लौट रही थी। मैंने घर आने के लिए रास्ते में ऑटो लिया। उसके बाद पैदल घर की तरफ चल पड़ी। दोपहर करीब 3 बजे बाइक पर 4 युवक आए। उनको मैं पहले से जानती हूं। उन्होंने आते ही मेरे पैरों में बाइक से टक्कर मारी। मैं घबराकर गिर पड़ी। इसके बाद चारों युवक मेरे साथ रेप की कोशिश करने लगे। मैंने विरोध किया तो उन्होंने मुझे घसीटा और धक्का मारकर झाड़ियों में फेंक दिया। वहां चारों ने मुझे झाड़ियों में जबरदस्ती लिटा दिया और मेरे साथ रेप करते रहे। मैं जोर-जोर से चिल्लाती रही लेकिन वहां कोई नहीं आया। रेप करने के बाद मेरे शोर की आवाज सुनकर कोई आ न जाए, यह देख आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़िता ने इस मामले में विशाल, गगन, रणजीत और दक्ष को आरोपी ठहराया। पुलिस बोली- 4 आरोपियों पर FIR की, जांच कर रहे
पठानकोट के डीएसपी (रूरल) सुखजिंदर सिंह ने बताया कि पीड़िता ने 112 पर शिकायत दी थी। इसके बाद मैं खुद पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचा। हमने 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इन परिवारों का पहले भी झगड़ा हो चुका है। इसको भी मद्देनजर रखते हुए पूरी जांच की जा रही है।
Source link
वह VIDEO, जिसकी वजह से युवती का गैंगरेप हुआ:पठानकोट में मां-बाप को पीटा तो रिकॉर्ड किया, उसी सबूत पर FIR हुई, वायरल होने से आरोपी गुस्साए
