![]()
मुंगेर के जमालपुर थाना क्षेत्र के फरीदपुर दास टोला में मंगलवार तड़के करीब 3 बजे रिटायर्ड प्रधानाचार्य मनोज दास के घर डकैती हुई। 4-5 नकाबपोश बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे। सभी के हाथ में देसी कट्टा और धारदार हथियार थे। घर में घुसते ही बदमाश सीधे मनोज दास के बेटे के कमरे में पहुंचे। आहट सुनकर बेटा जाग गया तो बदमाशों ने उसे दबोच लिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। पूरे परिवार को एक कमरे में किया बंद बेटे को बंधक बनाने के बाद बदमाशों ने परिवार के अन्य सदस्यों को भी एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद करीब आधे घंटे तक घर में लूटपाट की। अलमारी और बक्से के ताले तोड़कर उसमें रखे 3.5 लाख रुपए नकद और करीब 15 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात ले गए। बदमाशों ने घर से अन्य कीमती सामान भी समेट लिया और फरार हो गए। जाते समय उन्होंने परिवार को धमकी दी कि पुलिस को सूचना देने पर पूरे परिवार को जान से मार देंगे। डर के कारण सुबह पड़ोसियों को दी सूचना बदमाशों के जाने के बाद परिवार काफी देर तक डर के कारण घर में ही दुबका रहा। सुबह करीब 5 बजे परिजनों ने हिम्मत जुटाकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही जमालपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। डॉग स्क्वॉड और टेक्निकल टीम ने शुरू की जांच पुलिस ने जांच के लिए डॉग स्क्वॉड और एफएसएल/टेक्निकल टीम को बुलाया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। फरीदपुर गांव में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इस डकैती के बाद दास टोला में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में रात के समय पुलिस गश्ती कम होती है। लोगों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
Source link
मुंगेर में रिटायर्ड प्रिंसिपल के घर डकैती:4-5 नकाबपोश बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाया, 18.5 लाख के कैश-जेवर ले गए
