![]()
मऊगंज में स्कूल की छुट्टी के बाद तीन युवकों पर एक छात्र को बाइक पर बैठाकर ले जाने और रास्ते में मारपीट करने का आरोप लगा है।
.
छात्र के दादा ने बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर ASP शशिकांत सरयाम को शिकायत दी। पुलिस मामले में CCTV फुटेज खंगाल रही है।
स्कूल के पास से बाइक पर बैठाकर ले जाने का आरोप
घटना 18 सितंबर को डैफोडिल स्कूल, बरहटा मोड़ के पास की बताई गई है। सेमरिहा निवासी छात्र इसी स्कूल में पढ़ता है। छात्र के मुताबिक, छुट्टी के समय तीन युवक बाइक से उसके पास आए और उसका नाम पूछा।
छात्र का आरोप है कि युवकों ने उस पर अपने भाई के साथ गाली-गलौज और गलत व्यवहार करने की बात कही। छात्र ने बताया कि वह न तो युवकों को जानता है और न ही उनके भाई को।
रास्ते में मारपीट करने का आरोप
छात्र के अनुसार, युवक उसे बाइक पर बैठाकर हनुमान मंदिर की ओर ले गए। रास्ते में उसके साथ मारपीट की और कहा कि उसे अपने भाई के पास ले जा रहे हैं। कुछ दूर जाने के बाद युवकों ने उसे प्रयागराज घुमाने की बात भी कही।
इसी दौरान गांव के एक अन्य छात्र ने युवकों से उसे छोड़ने और परिवार को बुलाने की बात कही। इसके बाद युवकों ने छात्र को छोड़ दिया।
पहले थाने में की थी शिकायत
छात्र के दादा ने बताया कि घटना के बाद 18 सितंबर की रात करीब 9 बजे थाने में शिकायत दी गई थी। पुलिस ने स्कूल पहुंचकर पूछताछ की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर बुधवार को एसपी कार्यालय में शिकायत दी गई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम ने बताया कि शिकायत में छात्र को बाइक पर बैठाकर हनुमान मंदिर की ओर ले जाने की बात कही गई है।
पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी को मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
