Headlines

जर्जर भवनों के बीच से निकलेंगी गणेश झांकियां:बैठक में समितियों ने रूट बदलने से किया इंकार,डीजे का बेस-वाइब्रेशन मोड बंद रखने पर बनी सहमति




रायपुर में गणेश विसर्जन झांकियों का रूट इस बार भी सदर बाजार से होकर गुजरेगा या बदलेगा, इसे लेकर स्थिति अभी पूरी तरह साफ नहीं है। दरअसल, सदर बाजार क्षेत्र के जर्जर भवनों को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने झांकियों का रूट बदलने का प्रस्ताव रखा था। विसर्जन को लेकर हुई प्रशासन और गणेश समितियों की बैठक में इस पर चर्चा हुई, लेकिन गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों ने रूट बदलने के प्रस्ताव पर असहमति जताई। सदर बाजार में कई पुराने और जर्जर भवन हैं। विसर्जन के दौरान इसी रास्ते से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, झांकी में शामिल लोग और वाहन गुजरते हैं। ऐसे में भीड़ के साथ जर्जर भवनों से संभावित खतरे को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा का मुद्दा उठाया। बैठक में पुलिस, नगर निगम और SDRF के अधिकारियों ने आयोजकों को इस क्षेत्र में मौजूद संभावित जोखिमों की जानकारी दी। रूट बदलने का प्रस्ताव भी इसी सुरक्षा चिंता के तहत रखा गया था। हालांकि, समितियों की ओर से प्रस्तावित बदलाव पर सहमति नहीं बनी। जर्जर भवनों को लेकर क्या व्यवस्था होगी? रूट बदलने पर असहमति के बाद बैठक में सुरक्षा के दूसरे इंतजामों पर जोर दिया गया। आयोजकों से कहा गया कि झांकियां तय रूट, निर्धारित समय और क्रम के अनुसार ही निकाली जाएं। रास्ते में झांकी को अनावश्यक रूप से रोकने से बचने के निर्देश दिए गए, ताकि एक ही जगह पर ज्यादा भीड़ जमा न हो। समितियों को पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स रखने के लिए भी कहा गया है। वॉलंटियर्स की पहचान के लिए जरूरी व्यवस्था करने के साथ उन्हें पुलिस और प्रशासन के निर्देशों की जानकारी देने को कहा गया। डीजे का बेस-वाइब्रेशन मोड बंद रहेगा सदर बाजार क्षेत्र में जर्जर भवनों को देखते हुए डीजे के बेस और वाइब्रेशन मोड को बंद रखने पर आयोजकों ने सहमति दी। बैठक में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल निर्धारित नियमों के अनुसार करने के निर्देश दिए गए। पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और SDRF की ओर से सुरक्षा को लेकर दिए जाने वाले निर्देशों का पालन करने पर भी समितियों ने सहमति जताई। नशा किया तो कार्रवाई, हथियार भी नहीं चलेंगे पुलिस ने झांकी आयोजकों को स्पष्ट किया कि विसर्जन के दौरान किसी भी तरह के नशे का सेवन नहीं किया जाएगा। हथियार या धारदार वस्तु लेकर चलने पर भी रोक रहेगी। इसके अलावा झांकी के दौरान आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखने के निर्देश दिए गए हैं। पीछे से आने वाली झांकियों का रास्ता रोककर अनावश्यक भीड़ नहीं बढ़ाने को कहा गया है। झांकी में शामिल लोगों और वॉलंटियर्स को पुलिस और यातायात व्यवस्था में तैनात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करना होगा। पुलिस-प्रशासन के साथ निगम और SDRF भी अलर्ट बैठक में रायपुर कमिश्नरेट के विभिन्न जोन, क्राइम और यातायात के DCP समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन, नगर निगम, PWD, स्वास्थ्य विभाग और SDRF के अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। अधिकारियों ने समितियों से कहा कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों की जानकारी अपने पदाधिकारियों और वॉलंटियर्स तक पहुंचाएं। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात को व्यवस्थित रखना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *