Headlines

28-30 सितंबर तक बैंक की हड़ताल….छत्तीसगढ़ में कामकाज रहेगा प्रभावित:27 सितंबर को रविवार के दिन खुले रहेंगे बैंक, जानिए पूरे हफ्ते का वर्किंग-डे कैलेंडर




देशभर में 28 से 30 सितंबर तक बैंक कर्मचारियों की हड़ताल है। इसके चलते छत्तीसगढ़ में भी तीन दिनों तक बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहेगा। इसके बाद 1 अक्टूबर से बैंकिंग कामकाज शुरू होगा, लेकिन 2 अक्टूबर को गांधी जयंती की छुट्टी रहेगी। इसके बाद शनिवार-रविवार की छुट्टी होने के कारण अक्टूबर की शुरुआत में करीब एक सप्ताह तक बैंकिंग गतिविधियां प्रभावित होने की स्थिति बन रही है। हालांकि इस स्थिति को देखते हुए RBI ने 27 सितंबर को देश की सभी बैंक शाखाओं, दफ्तरों और एटीएम-लिंक ब्रांचों समेत सभी सर्विसेज को पूरी तरह चालू रखने की मंजूरी दी है। इस दिन सभी बैंकिंग कामकाज सामान्य तरीके से चलेंगे। इसके अलावा बैंको की तरफ से से भी ग्राहकों को SMS के माध्यम से जरूरी बैंकिंग काम निपटाने की सलाह दी जा रही है। अगले हफ्ते बैंकिंग का शेड्यूल 26 सितंबर, शनिवार: चौथा शनिवार होने के कारण बैंक शाखाओं में अवकाश रहेगा। 27 सितंबर, रविवार: RBI के विशेष निर्देश के तहत सभी सार्वजनिक और ग्रामीण बैंक खुले रहेंगे। 28 से 30 सितंबर, सोमवार से बुधवार: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में कामकाज बंद रहेगा। 1 अक्टूबर, गुरुवार: बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। 2 अक्टूबर, शुक्रवार: गांधी जयंती के कारण बैंक बंद रहेंगे। 3 अक्टूबर, शनिवार: बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। 4 अक्टूबर, रविवार: साप्ताहिक अवकाश के कारण बैंक बंद रहेंगे। बैठक में नही निकला कोई समाधान दरअसल यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। हड़ताल का असर सरकारी बैंकों के साथ ग्रामीण और सहकारी बैंकों के कामकाज पर भी पड़ेगा। बैंकिंग संगठनों के मुताबिक केंद्र स्तर पर मुख्य श्रम आयुक्त के साथ हुई बैठक में भी कोई समाधान नहीं निकल सका है। ऐसे में तय तारीखों पर हड़ताल जारी रहने की संभावना है। 5 से 7 दिन होगा लेन-देन प्रभावित बैंकिंग सेक्टर से जुड़े कारोबारियों के मुताबिक अलग-अलग सेक्टर में पांच से सात दिनों की अवधि में करीब 5000 करोड़ रुपए तक का लेन-देन प्रभावित हो सकता है। इसमें आरटीजीएस, एनईएफटी और बैंकिंग के अन्य माध्यमों से होने वाले भुगतान शामिल हैं। नकद निकासी, भुगतान और सेटलमेंट की प्रक्रिया धीमी होने से कारोबारियों और कंपनियों को भी असर झेलना पड़ सकता है। स्टील से ऑटो और रिटेल तक कारोबार होगा प्रभावित बैंकिंग लेन-देन पर निर्भर उद्योगों पर भी हड़ताल का असर पड़ सकता है। इसमें स्टील, माइनिंग, फार्मास्यूटिकल्स, पेट्रोलियम, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मशीनरी, इलेक्ट्रिकल, रिटेल और होलसेल कारोबार शामिल हैं। बड़े भुगतान और बैंकिंग से जुड़े सेटलमेंट प्रभावित होने पर इन क्षेत्रों में भुगतान की रफ्तार धीमी पड़ सकती है।
ATM रहेगा कैश का विकल्प वित्त मंत्रालय ने कहा कि जनता की जरूरी बैंकिंग जरूरतों पर लंबे समय तक असर न पड़े, इसे सुनिश्चित करने के लिए सभी सरकारी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक रविवार, 27 सितंबर को सामान्य रूप से काम करेंगे। रिजर्व बैंक ने सभी शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम-लिंक ब्रांचों और करेंसी चेस्ट्स को इस दिन पूरी तरह चालू रखने की मंजूरी दी है। हालांकि, चेक क्लीयरेंस, कैश डिपॉजिट और फिजिकल डॉक्यूमेंटेशन से जुड़े कामों में देरी होना तय है। जानिए किस मांग को लेकर कर रहे हड़ताल बैंक यूनियंस लंबे समय से हफ्ते में 5 दिन काम यानी 5-डे वर्किंग की मांग कर रही हैं। यूनियंस का कहना है कि मार्च 2024 में बाइलेटरल वेज रिवीजन एग्रीमेंट के तहत 5-डे बैंकिंग पर सहमति बनी थी और इस पर हस्ताक्षर भी हुए थे, लेकिन सरकार ने इसे अब तक लागू नहीं किया है। इससे पहले यूनियंस ने 11 सितंबर को 1 दिन की हड़ताल की थी और मांग न माने जाने पर 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी है। बैंकों ने ग्राहकों को पहले से किया अलर्ट छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक समेत SBI और PNB जैसे कई प्रमुख बैंकों ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे अपने जरूरी काम समय रहते निपटा लें। बैंक ने ग्राहकों से एटीएम, कस्टमर सर्विस व इंटरनेट बैंकिंग जैसी सुविधाओं का उपयोग करने को कहा है। मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और दूसरे डिजिटल माध्यमों का अधिक इस्तेमाल करने की अपील भी की गई है। हड़ताल के दौरान शाखा से मिलने वाली सेवाओं के लिए ग्राहकों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बैंकिंग सेक्टर में जानिए वर्तमान छुट्टी की व्यवस्था बैंकों में हर महीने के पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को काम होता है, जबकि दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी रहती है। वर्तमान में बैंक कर्मचारी संगठन सभी शनिवारों को छुट्टी घोषित करने और हफ्ते में केवल 5 दिन (सोमवार से शुक्रवार) काम की व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं। इसके बदले वे रोजाना के कामकाजी समय में 30 से 45 मिनट अतिरिक्त देने को तैयार हैं। क्या है यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ? यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) भारत में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के नौ प्रमुख ट्रेड यूनियनों का एक ग्रुप है। यह संगठन बैंक कर्मचारियों की वेतन वृद्धि, काम के घंटे, पेंशन और अन्य मांगों को लेकर सरकार और बैंक प्रबंधन के साथ बातचीत करता है तथा मांगें पूरी न होने पर हड़ताल का आह्वान करता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *