![]()
जसोल नगर पालिका में नवनिर्वाचित अध्यक्ष निर्मला देवी प्रजापत और उपाध्यक्ष रमेश कुमार भंसाली ने बुधवार को अपना पदभार संभाला। यह नवगठित नगर पालिका है, जिसके ये पहले निर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष हैं। इस मौके पर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नगरवासियों में काफी उत्साह दिखा। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम लोग मौजूद रहे। 20 में से 11 सीटों पर हासिल की थी जीत जसोल नगर पालिका के पहले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 20 में से 11 वार्डों में जीत हासिल की थी। इसके बाद निर्मला देवी प्रजापत अध्यक्ष और रमेश कुमार भंसाली उपाध्यक्ष चुने गए। दोनों के पदभार संभालने के साथ ही नई नगर पालिका में विकास और जनसेवा के नए काम शुरू हो गए हैं। पदाधिकारी और विधायक रहे मौजूद पदभार ग्रहण कार्यक्रम में भाजपा राजस्थान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिशचंद्र सिंह जसोल, पचपदरा विधायक अरुण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष बालोतरा भरत मोदी, जसोल चुनाव प्रभारी हरी सिंह उमरलाई, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गणपत सिंह भाटी, वरिष्ठ भाजपा नेता भवानी सिंह टापरा और चुनाव संयोजक गोविंद सिंह कालूड़ी मौजूद थे। इनके अलावा, कई पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नगरवासी भी उपस्थित रहे। हरिशचंद्र सिंह जसोल ने दीं शुभकामनाएं इस मौके पर भाजपा राजस्थान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिशचंद्र सिंह जसोल ने अध्यक्ष निर्मला देवी प्रजापत और उपाध्यक्ष रमेश कुमार भंसाली को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जसोल नगर पालिका के पहले अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पदभार संभालने से जसोल के विकास का नया दौर शुरू हुआ है। नगरवासियों ने वोट देकर जो जिम्मेदारी दी है, अब उसके हिसाब से जनसेवा और विकास को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने कहा कि “विकसित जसोल” हमारा साझा संकल्प है। जसोल के प्रत्येक वार्ड का समान विकास, बेहतर सड़कें, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, जल निकासी, सौंदर्यीकरण, सुव्यवस्थित यातायात तथा आवश्यक जनसुविधाओं का विस्तार करते हुए नगर को आने वाले वर्षों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। कहा-एकजुट होकर विकास में भूमिका निभाएंगे हरिशचंद्र सिंह जसोल ने कहा कि चुनाव के दौरान जसोल के नागरिकों ने जिस विश्वास, आत्मीयता और सहयोग के साथ सहभागिता निभाई, उसके लिए वे हृदय से आभारी हैं। अब चुनाव प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और सभी का उद्देश्य जसोल का सर्वांगीण विकास होना चाहिए। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभी पार्षद, जनप्रतिनिधि, संगठन, कार्यकर्ता एवं नगरवासी एकजुट होकर नगर के विकास में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि नवगठित नगर पालिका के सामने आने वाले वर्षों के जसोल की मजबूत नींव रखने का महत्वपूर्ण अवसर है। विकास कार्यों में दूरदर्शिता, पारदर्शिता एवं जनसहभागिता रखते हुए प्रत्येक वार्ड की आवश्यकताओं को समान महत्व दिया जाना चाहिए। “विकसित जसोल” के संकल्प को साकार करने के लिए जसोल के विकास एवं जनहित से जुड़े प्रत्येक सकारात्मक प्रयास में उनका सहयोग निरंतर रहेगा। तेरस, 13 मत और बड़ी तेरस पर पदभार — माँ माजीसा की कृपा का विशेष संयोग हरिशचंद्र सिंह जसोल ने इस अवसर को श्री राणीसा भटियाणीसा की असीम कृपा से जोड़ते हुए कहा कि तेरस के पावन दिन अध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ और निर्मला देवी प्रजापत 13 मत प्राप्त कर अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। वहीं भाद्रपद शुक्ल पक्ष की बड़ी तेरस के पावन दिवस पर उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। तेरस, 13 मत और बड़ी तेरस पर पदभार ग्रहण का यह संयोग माँ माजीसा की असीम कृपा एवं आशीर्वाद के रूप में हम सभी के लिए विशेष है। उन्होंने कहा कि माँ माजीसा की कृपा से प्रारंभ हुई नगर पालिका की यह नई विकास यात्रा जसोल के प्रत्येक नागरिक के जीवन में बेहतर सुविधाओं और नगर के उज्ज्वल भविष्य का आधार बने, यही मंगलकामना है। सबको साथ लेकर “विकसित जसोल” के संकल्प पर खरी उतरूंगी — निर्मला देवी प्रजापत नगर पालिका अध्यक्ष निर्मला देवी प्रजापत ने पदभार ग्रहण के अवसर पर नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मैं सबको साथ लेकर चलूंगी। नगरवासियों ने ‘विकसित जसोल’ का जो संकल्प लिया है और जसोल में परिवर्तन की जो लहर चली है, उस जनविश्वास पर खरी उतरते हुए नगर के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करूंगी।” उन्होंने कहा कि जसोल के प्रत्येक वार्ड को समान दृष्टि से देखते हुए विकास कार्य किए जाएंगे। स्वच्छता, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी, पेयजल, सौंदर्यीकरण एवं अन्य जनसुविधाओं के विस्तार के साथ आमजन की समस्याओं के समयबद्ध समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। श्री राणीसा भटियाणीसा की कृपा और नगरवासियों के सहयोग से जसोल को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित एवं विकसित नगर बनाने की दिशा में सभी को साथ लेकर कार्य किया जाएगा। अध्यक्ष निर्मला देवी प्रजापत के संबोधन में नगर के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने और जनविश्वास पर खरा उतरने की भावना प्रमुखता से सामने आई। उनके संबोधन का उपस्थित नगरवासियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया तथा “विकसित जसोल” के संकल्प को साकार करने में सामूहिक सहभागिता का विश्वास व्यक्त किया। इसी दौरान अध्यक्ष निर्मला देवी प्रजापत ने मंच से घोषणा की कि जसोल नगर पालिका की प्रथम बैठक में जसोल फांटा से जसोल नगर पालिका की सीमा तक के सड़क मार्ग का नामकरण सभी के सहयोग से लोकआस्था की अधिष्ठात्री श्री राणीसा भटियाणीसा के नाम से करने का निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जसोल की पहचान श्री राणीसा भटियाणीसा की पावन धरा के रूप में देशभर में स्थापित है। नगर के इस प्रमुख सड़क मार्ग का नाम श्री राणीसा भटियाणीसा के नाम पर किया जाना जसोल की आस्था, परंपरा एवं सांस्कृतिक पहचान के सम्मान से जुड़ा रहेगा। आप समस्या बताएं, समाधान के लिए 24 घंटे उपस्थित रहूंगा — रमेश कुमार भंसाली उपाध्यक्ष रमेश कुमार भंसाली ने पदभार ग्रहण करते हुए नगरवासियों का आभार व्यक्त किया और कहा, “मैं आप सभी के लिए 24 घंटे उपस्थित रहूंगा। आप अपनी समस्या बताएं, हम उसके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।” उन्होंने कहा कि अध्यक्ष, सभी पार्षदों एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय रखते हुए नगरवासियों की समस्याओं का समाधान करने और जसोल के विकास को आगे बढ़ाने के लिए कार्य किया जाएगा। नगर पालिका के माध्यम से आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विकास कार्यों को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारना प्राथमिकता रहेगी। माजीसा की असीम कृपा से क्षेत्र में मिला जनसमर्थन — अरुण चौधरी पचपदरा विधायक अरुण चौधरी ने अध्यक्ष निर्मला देवी प्रजापत एवं उपाध्यक्ष रमेश कुमार भंसाली को नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके स्वयं के विधानसभा चुनाव में भी माजीसा की असीम कृपा रही और अब उनके विधानसभा क्षेत्र में नगर निकाय चुनावों में भाजपा को मिले जनसमर्थन में भी माँ का आशीर्वाद रहा है। उन्होंने क्षेत्र के मतदाताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए विशेष रूप से उन निर्दलीय कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने चुनाव में अपना नामांकन दाखिल किया था, लेकिन बाद में पार्टी के पक्ष में सहयोग करते हुए संगठन का साथ दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी को मिलकर क्षेत्र और नगर के विकास की दिशा में आगे बढ़ना है। अरुण चौधरी ने कहा कि जसोल के प्रत्येक वार्ड की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों में उनका सहयोग रहेगा। बालोतरा और जसोल में जनविश्वास की जीत — भरत मोदी भाजपा जिलाध्यक्ष बालोतरा भरत मोदी ने अध्यक्ष निर्मला देवी प्रजापत एवं उपाध्यक्ष रमेश कुमार भंसाली को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की विकास की भावना के प्रति जनता ने अपना विश्वास व्यक्त किया है। नगर परिषद बालोतरा और नगर पालिका जसोल के चुनावों में भाजपा को बहुमत मिला तथा दोनों निकायों में सभापति/अध्यक्ष एवं उपसभापति/उपाध्यक्ष पदों पर भाजपा के प्रत्याशी निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह जनविश्वास नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए बड़ी जिम्मेदारी भी है। जनता ने जिस विश्वास के साथ भाजपा को दायित्व सौंपा है, उसके अनुरूप विकास, जनसेवा एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य करना होगा। भरत मोदी ने कहा कि संगठन और जनप्रतिनिधियों के आपसी समन्वय से नगर परिषद बालोतरा एवं नगर पालिका जसोल में विकास कार्यों को गति देते हुए आमजन की समस्याओं के समाधान और जनसुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जाएगी। नगरवासियों के विश्वास और सहयोग के लिए आभार — गणपत सिंह भाटी भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गणपत सिंह भाटी ने जसोल के समस्त नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर पालिका के प्रथम चुनाव में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। उन्होंने नगरवासियों के विश्वास, सहयोग एवं सहभागिता के लिए धन्यवाद देते हुए अध्यक्ष निर्मला देवी प्रजापत एवं उपाध्यक्ष रमेश कुमार भंसाली को नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नगर के विकास में जनप्रतिनिधियों के साथ नगरवासियों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण रहेगी और सभी के सामूहिक प्रयासों से जसोल को सुव्यवस्थित एवं विकसित नगर बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकेगा। पदभार ग्रहण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों की उपस्थिति से उत्साहपूर्ण वातावरण रहा। कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों ने अध्यक्ष निर्मला देवी प्रजापत तथा उपाध्यक्ष रमेश कुमार भंसाली को नवीन दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए माला पहनाकर एवं साफा बांधकर उनका आत्मीय स्वागत एवं बहुमान किया। भाजपा राजस्थान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिशचंद्र सिंह जसोल ने कहा कि जसोल के नागरिकों का विश्वास और सहभागिता ही नगर के विकास की सबसे बड़ी शक्ति है। अब लक्ष्य स्पष्ट है—जनसुविधाओं का विस्तार, प्रत्येक वार्ड का समान विकास और सामूहिक सहभागिता के साथ “विकसित जसोल” के संकल्प को साकार करना
Source link
जसोल नगर पालिका अध्यक्ष-उपाध्यक्ष ने संभाला पदभार:भाजपा के निर्मला देवी प्रजापत और रमेश भंसाली ने ली शपथ, विकास पर दिया जोर
