पुलिस घटना स्थल पर जांच करते हुए।
ग्वालियर की एमएलबी कॉलोनी स्थित ‘आयाम’ गर्ल्स हॉस्टल में 30 जुलाई को 22 वर्षीय छात्रा विशाखा शाक्य ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पड़ाव थाना पुलिस की जांच में सामने आया कि विशाखा का आयुष शाक्य के साथ प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहती थी।
.
SSC-PSC की तैयारी कर रही थी विशाखा
पड़ाव थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव के अनुसार, विशाखा सबलगढ़ (मुरैना) के बधरैंटा की रहने वाली थी। वह ग्वालियर में रहकर SSC और MP-PSC की तैयारी कर रही थी और कुछ दिन पहले ही आयाम गर्ल्स हॉस्टल में रहने आई थी। घटना के समय उसकी रूम पार्टनर शहर से बाहर गई हुई थी। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर हॉस्टल संचालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो विशाखा फंदे पर लटकी मिली।

ग्वालियर के एमएलबी कॉलोनी स्थित ‘आयाम’ गर्ल्स हॉस्टल।
घटना से एक दिन पहले भी हुई थी बहस
पुलिस ने आयुष के मोबाइल की कॉल डिटेल (CDR) खंगाली। इसमें घटना से पहले और घटना वाले दिन विशाखा और आयुष के बीच कई बार बातचीत होने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को दोनों के बीच शादी को लेकर तीखी बहस भी हुई थी। हॉस्टल संचालक दंपति ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि विशाखा अक्सर एक युवक से फोन पर बात करती थी और शादी को लेकर तनाव में रहती थी। दोनों के परिजनों को भी उनके प्रेम संबंध की जानकारी थी।

हॉस्टल के कमरे में फंदे पर लटका मिला SSC छात्रा का शव।
परिजनों के बयान पर आरोपी के खिलाफ केस
परिजनों ने पुलिस को बताया कि विशाखा ने आयुष से कहा था कि अगर उसने शादी नहीं की तो वह अपनी जान दे देगी। परिजन का आरोप है कि इसके बावजूद आयुष ने शादी से इनकार कर दिया। पुलिस ने जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर आयुष शाक्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।
आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए दबिश
थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव ने बताया, “जांच और सीडीआर के आधार पर आरोपी आयुष शाक्य के खिलाफ धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।”
