![]()
मंडी जिला पुलिस ने नशे और अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक ही दिन में तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। पुलिस ने जोगिन्द्रनगर में एक वाहन से 720 बोतल देशी शराब बरामद की। वहीं, बीएसएल कॉलोनी पुलिस ने एचआरटीसी बस में सवार 2 युवकों से 179 ग्राम चरस पकड़ी। इसके अलावा, पधर क्षेत्र में दो खेतों से 10,705 भांग के पौधे भी बरामद कर मौके पर ही नष्ट किए गए। जोगिन्द्रनगर पुलिस ने 24 सितंबर को भगवार में वाहन संख्या HP29B-7975 को रोककर तलाशी ली। वाहन से ‘UNA No. 01’ ब्रांड की देशी शराब की 60 पेटियां मिलीं, जिनमें कुल 720 बोतलें थीं। इस मामले में साहिल कुमार और जितेन्द्र के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, 25 सितंबर को बीएसएल कॉलोनी पुलिस ने सुखदेव वाटिका के पास NH-21 पर नाकाबंदी की। मंडी की ओर से आ रही एचआरटीसी बस HP42-3329 की चेकिंग के दौरान बस में सवार संदीप (26) और देवेन्द्र उर्फ आशु (22) के पास से कुल 179 ग्राम चरस बरामद हुई। दोनों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पधर पुलिस ने भांग की खेती के खिलाफ कार्रवाई की उधर, पधर पुलिस ने रुलंग क्षेत्र में अवैध भांग की खेती के खिलाफ कार्रवाई की। मक्की के खेतों के बीच कुल 10,705 भांग के पौधे पाए गए। इनमें एक खेत से 4,250 और दूसरे से 6,455 पौधे शामिल थे। पुलिस ने नियमानुसार नमूने लेने के बाद बाकी पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस मामले में अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
Source link
मंडी में HRTC बस में 2 युवक चरस सहित अरेस्ट:वाहन से 720 बोतल अवैध शराब बरामद; 10,705 भांग के पौधे भी नष्ट किए
