![]()
दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधु ने शुक्रवार को एनडीएमसी कर्मचारियों से ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान बनाए गए स्वच्छता मानकों को सालभर कायम रखने की अपील की। एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने सम्मेलन के दौरान उनके काम की सराहना की। उन्होंने कहा कि सफाई और रखरखाव का उच्च स्तर केवल बड़े आयोजनों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे दिल्ली की नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। साफ सड़कें और हरे-भरे पार्क बनाए रखना प्राथमिकता में शामिल रहना चाहिए। संधु ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में कर्मचारियों के सहयोग की भी बात कही। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस इस दिशा में सक्रियता से काम कर रही है और नई ‘पिंक स्क्वाड’ की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कर्मचारियों को अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखने के लिए प्रोत्साहित किया और समाधान का आश्वासन दिया। उपराज्यपाल ने स्वच्छता अभियान से स्कूली बच्चों को जोड़ने का सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश घरों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकता है। साथ ही, एनडीएमसी अध्यक्ष से छात्रों के लिए खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराने को कहा, ताकि पढ़ाई के साथ खेलों में भी उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
Source link
ब्रिक्स जैसी स्वच्छता सालभर बनाए रखें- एलजी संधू:एनडीएमसी कर्मचारियों के काम की सराहना; साफ सड़कें, पार्क प्राथमिकता में रखने की अपील
