![]()
श्योपुर में शुक्रवार को 10 दिवसीय गणेश उत्सव का समापन हुआ। सीप नदी के पंडित घाट पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। शहर के अलग-अलग इलाकों से शोभायात्राएं निकलीं, जो पंडित घाट पहुंचीं। यहां पूजा के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के नारों के साथ बप्पा को विदाई दी। पुलिस और प्रशासन ने विसर्जन को लेकर सुरक्षा के इंतजाम किए थे। गणेश प्रतिमाओं के साथ पुलिस जवान तैनात रहे और शहर में अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया गया। शहर के कई इलाकों से निकली शोभायात्राएं टोड़ी बाजार, चौपड़ बाजार, जयेश्वर मंदिर महाराष्ट्र समाज, शिवपुरी रोड स्थित राम मंदिर और डॉक्टर कॉलोनी से गणेश प्रतिमाओं की शोभायात्राएं निकाली गईं। डॉक्टर कॉलोनी से गणेश प्रतिमा को विमान में बैठाकर शोभायात्रा निकाली गई। चंबल कॉलोनी के शिव दुर्गा मंदिर और विमलेश्वर महादेव मंदिर में स्थापित बड़ी गणेश प्रतिमाओं को ट्रॉली में सजाकर विसर्जन के लिए लाया गया। सभी शोभायात्राएं पंडित घाट पहुंचीं। रास्ते में कई जगह हुई आरती शोभायात्रा के दौरान ब्राह्मण पाड़ा के हनुमान मंदिर और चतरदास जी के टीले पर आरती की गई। भुवनेश्वर महादेव मंदिर पर अंतिम आरती हुई। इसके बाद पंडित घाट पर पूजा की गई और गणेश प्रतिमाओं को सीप नदी में विसर्जित किया गया। इस दौरान प्रसाद भी बांटा गया। सुबह से पुलिस ने संभाली व्यवस्था विसर्जन के लिए सुबह 9 बजे से पुलिस की अलग-अलग टीमें शहर के गली-मोहल्लों और गणेश पंडालों में पहुंचीं। पुलिसकर्मियों ने शोभायात्राओं के साथ पंडित घाट तक सुरक्षा व्यवस्था संभाली। एडीएसपी प्रवीण भूरिया, एसडीएम गगन मीणा, एसडीओपी राजीव कुमार गुप्ता, तहसीलदार दीपेश धाकड़ और कोतवाली टीआई सत्यम गुर्जर समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी व्यवस्थाओं में मौजूद रहे। कलेक्टर शीला दाहिमा और पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने व्यवस्थाओं की निगरानी की। नपा ने बनाया अलग विसर्जन कुंड नगर पालिका ने प्रशासन के निर्देश पर पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए अलग विसर्जन कुंड बनाया था। शहर से लाई गई गणेश प्रतिमाओं का इसमें विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान एसडीआरएफ की टीम भी मौजूद रही। टीम ने प्रतिमाओं को नाव में रखकर नदी के बीच ले जाकर विसर्जित किया। नगर पालिका ने शहर में साफ-सफाई के साथ सड़कों से आवारा मवेशियों को हटाने की व्यवस्था भी की। इसके अलावा घरों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं को नगर पालिका के वाहनों से घर-घर जाकर संग्रहित किया गया। बड़ौदा में अहेली नदी पर प्रतिमाओं का विसर्जन जिले की बड़ौदा तहसील में शुक्रवार शाम 5 बजे से अहेली नदी पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। गणेश नवयुवक मंडल की ओर से चल समारोह निकाला गया। चल समारोह में बाहर से आए कलाकारों ने अलग-अलग वेश में प्रस्तुति दी। इसमें बाहुबली हनुमान, शिव तांडव और अन्य करतब आकर्षण का केंद्र रहे। चल समारोह चंपा की बगीची से शुरू होकर बस स्टैंड, किला गेट, छोटा बाजार, नाई मोहल्ला, रतोदन दरवाजा, मुख्य बाजार और अस्पताल रोड होते हुए बागर तिराहे पहुंचा। यहां से ललितपुरा स्थित अहेली नदी के घाट पर पहुंचने के बाद गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। रास्ते में कई जगह चल समारोह का स्वागत भी किया गया।
Source link
श्योपुर में गणपति विसर्जन,पंडित घाट पर बप्पा को दी विदाई:शहर के कई इलाकों से निकली शोभायात्रा; पुलिस और प्रशासन ने संभाली व्यवस्था
