बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात अर्नब का असर आज से राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में भी देखने को मिल सकता है। भरतपुर संभाग के एरिया में कहीं-कहीं बादल छा सकते हैं और बारिश हो सकती है।
.
27 से 29 सितंबर को इस सिस्टम के साथ-साथ एक पश्चिमी विक्षोभ के भी सक्रिय होने से जयपुर, भरतपुर संभाग में बारिश हो सकती है। 27 सितंबर को 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। पूर्वी राजस्थान के साथ-साथ पश्चिमी जिलों में भी हवा चली और तापमान में गिरावट हुई। हालांकि पश्चिमी जिलों में पारा 40 डिग्री से ऊपर जाने से यहां गर्मी तेज रही।

शुक्रवार को 5 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर, जैसलमेर, फलोदी में रही, जहां का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज हुआ, जबकि जैसलमेर में 42.4, फलोदी में 42.2, जोधपुर में 41.4 और बीकानेर में 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।


5 डिग्री तक गिरा पारा
पूर्वी राजस्थान के अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली के एरिया में शुक्रवार दिन में हल्के बादल छाए। इससे यहां तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट हुई। अलवर में अधिकतम तापमान 5 डिग्री गिरकर 31.6 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। अजमेर में अधिकतम तापमान 35.2, भीलवाड़ा में 35, चूरू में 37.4, करौली में 28.9, प्रतापगढ़ में 32.7, टोंक में 32.7, फतेहपुर में 37, सीकर में 35.2, कोटा में 32.3 और गंगानगर में 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।



राजस्थान के प्रमुख जिलों में मौसम का हाल
जयपुर में शुक्रवार को दिनभर आसमान साफ रहा और धूप रही, लेकिन हवा चलने से दिन में गर्मी का असर कम रहा। अधिकतम तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट हुई, जिसके कारण यहां अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने जयपुर में 29 सितंबर तक बादल छाने और बारिश होने की संभावना जताई है।

जयपुर में शुक्रवार को हवा चलने से गर्मी कम रही। लोग पार्क में बैठे नजर आए।
अलवर में शुक्रवार को मौसम ने गर्मी से राहत रही। सुबह से ही शहर में बादल छाए रहे। इसके चलते गर्मी का असर कम महसूस हुआ। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री तक की कमी दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव के बीच फिलहाल बारिश को लेकर तस्वीर साफ नहीं है।

अलवर में शुक्रवार सुबह से बादल छाए रहे। गर्मी का असर कम हुआ।
जोधपुर में सितंबर के अंतिम दिनों में भी गर्मी का असर बना हुआ है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 5.5 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में बारिश की संभावना नहीं जताई है।

जोधपुर में गर्मी का असर तेज रहा। यहां शुक्रवार को तापमान 41 डिग्री के ऊपर पहुंच गया।
कोटा में शुक्रवार को दिनभर धूप निकली। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस रहा तो मिनिमम तापमान 24.9 डिग्री रहा। इस मानसून में कोटा में औसत से कम बारिश हुई। इधर, शुक्रवार को तेज धूप के चलते उमस और गर्मी से लोग परेशान रहे। इस सीजन में अभी तक 439.1 एमएम बारिश हुई है।

कोटा में शुक्रवार दिनभर धूप रही। उमस ने लोगों को परेशान किया।
अजमेर में शुक्रवार को भी दिनभर तेज धूप और गर्मी ने लोगों को परेशान किया। धूप के कारण सड़कों पर आवाजाही कम नजर आई। अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर तेज धूप के कारण उमस का असर भी महसूस हुआ।

अजमेर में शुक्रवार को दिनभर तेज धूप रही।
सीकर में शुक्रवार दिनभर तेज धूप की वजह से गर्मी रही। दोपहर बाद कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए। इसकी वजह से उमस बढ़ गई। सीकर में पिछले 7 दिन से मौसम लगभग ड्राई बना हुआ है। सीकर में दिन का अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में अगले एक-दो दिन में बारिश की कोई संभावना नहीं है।

सीकर में भी दिनभर तेज धूप के कारण लोग गर्मी से परेशान हुए।
उदयपुर में बीते पांच दिनों में शहर का अधिकतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है। दिन में गर्मी का असर बढ़ गया है। उदयपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

उदयपुर में अधिकतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया।
