जमशेदपुर गोलमुरी केनरा बैंक डकैती की जांच में पुलिस ने बदमाशों के भागने का रूट चिह्नित कर लिया है। जिला पुलिस ने शहर में करीब 70 स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पाया कि बैंक से ₹42 लाख नकद और करीब ₹33 करोड़ के जेवरात लूटने के बाद पांचों बदमा
.
पुलिस के मुताबिक बदमाश घटना के बाद उसी स्कूटी और बाइक से आगे बढ़े, जिनसे वे वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। रास्ते में उन्होंने वाहन नहीं बदला और न ही किसी स्थान पर रुके। सीसीटीवी फुटेज से मिले इस सुराग के आधार पर पुलिस की कई टीमें परसुडीह और आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही हैं। हालांकि अब तक किसी बदमाश की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

बैंक में घुसते ही अपराधियों ने सभी स्टाफ और कस्टमर को बंधक बना लिया था।
फुटेज में दिखे पांचों बदमाश, प्रत्येक पर ₹2 लाख का इनाम
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में कैद पांचों बदमाशों की तस्वीर पुलिस ने जारी कर दी है। उनकी पहचान और गिरफ्तारी में मदद करने के लिए जिला पुलिस ने प्रत्येक बदमाश पर ₹2 लाख का इनाम घोषित किया है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को तस्वीरों में दिख रहे बदमाशों के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो पुलिस को तत्काल सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों के भागने के पूरे रास्ते और संभावित ठिकानों की कड़ियां जोड़ रही है।
एक घंटे तक बैंक में जांच, सायरन नहीं बजने पर उठे सवाल
डीजीपी के निर्देश पर एडीजी मनोज कौशिक, डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा और एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने केनरा बैंक पहुंचकर करीब एक घंटे तक घटनास्थल की जांच की। अधिकारियों ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश और निकास के रास्ते, अलार्म सिस्टम और घटना के दौरान अपनायी गयी सुरक्षा प्रक्रिया की जानकारी ली।
जांच में बैंक की सुरक्षा व्यवस्था में कई खामियां सामने आयीं। सबसे बड़ा सवाल बैंक का सायरन नहीं बजने को लेकर उठा। एडीजी ने इस पर बैंक अधिकारियों को तलब कर जवाब मांगा। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि डकैती के दौरान सुरक्षा प्रणाली ने काम क्यों नहीं किया और बदमाशों को बैंक के भीतर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने का मौका कैसे मिला।

एडीजी मनोज कौशिक ने जांच के बाद बताया कि वारदात को अंजाम देने वाला गिरोह शहर से बाहर का है।
शहर से बाहर का गैंग, जिले में छिपे होने की सूचना
एडीजी मनोज कौशिक ने जांच के बाद बताया कि वारदात को अंजाम देने वाला गिरोह शहर से बाहर का है। पुलिस को इनपुट मिला है कि गिरोह के सदस्य घटना के बाद जिले से बाहर नहीं निकले हैं और स्थानीय स्तर पर ही छिपे हो सकते हैं।
इसी सूचना के आधार पर पुलिस की अलग-अलग टीमें परसुडीह और आसपास के क्षेत्रों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के अलावा बदमाशों के आने-जाने के रास्ते, इस्तेमाल किये गये वाहनों और स्थानीय स्तर पर उनकी संभावित गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।
बदमाशों तक पहुंचने की बड़ी चुनौती
गोलमुरी मस्जिद रोड स्थित केनरा बैंक में हुई इस डकैती में बदमाश ₹42 लाख नकद और करीब ₹33 करोड़ मूल्य के जेवरात ले गये थे। वारदात के बाद पुलिस ने शहरभर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाकर बदमाशों की गतिविधियों का पीछा किया।
जांच में उनके परसुडीह की ओर जाने की पुष्टि हुई है, लेकिन अभी तक उनके ठिकाने का सटीक पता नहीं चल सका है। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती सीसीटीवी से मिले रूट को आगे की कड़ी से जोड़कर बदमाशों तक पहुंचने और लूटे गये नकद व जेवरात बरामद करने की है।
——————————-
इसे भी पढ़ें…
जमशेदपुर के गोलमुरी केनरा बैंक में डकैती:सुबह बैंक खुलते ही अपराधियों ने करोड़ों की लूट, सीसीटीवी में दिखे बदमाश

जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में गुरुवार सुबह हथियारबंद बदमाशों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया। बैंक खुलने के कुछ ही देर बाद हथियारबंद 5-6 अपराधी बैंक में घुस गए। उन्होंने बैंककर्मियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर लूटपाट की। बदमाशों की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई है।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, करीब 43 लाख रुपए कैश और गहने मिलाकर करोड़ों रुपये की संपत्ति लूटी गई है। यह घटना सुबह करीब 10 बजे हुई। अपराधियों ने बैंक के अंदर मौजूद कर्मचारियों को बंधक बनाया। उन्होंने बैंक में रखी नकदी और सोने पर हाथ साफ किया। इस दौरान गार्ड के साथ मारपीट भी की गई। यहां पढ़ें पूरी खबर…
