![]()
उकलाना स्थित राष्ट्रीय महाविद्यालय में विद्यार्थियों की रचनात्मक, कलात्मक एवं साहित्यिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान फाइन आर्ट्स, एकल नृत्य और कविता पाठ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के पहले दिन फाइन आर्ट्स से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें इंस्टॉलेशन, पोस्टर मेकिंग, पेंटिंग, रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच को आकर्षक कलाकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। एकल नृत्य एवं कविता पाठ प्रतियोगिता कार्यक्रम के दूसरे दिन शनिवार को एकल नृत्य और कविता पाठ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। एकल नृत्य में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं कविता पाठ में विद्यार्थियों ने भावाभिव्यक्ति, वाचन-कौशल और साहित्यिक प्रतिभा का परिचय दिया। प्राध्यापकों ने निभाई निर्णायकों की भूमिका विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए महाविद्यालय के अलग-अलग विभागों के प्राध्यापकों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया। निर्णायक मंडल में सहायक प्रवक्ता रविंद्र कुमार (भौतिक विज्ञान), नरेंद्र कुमार व डॉ. अंजु (गणित), डॉ. तनुजा (कंप्यूटर), डॉ. चंदन व डॉ. सविता (लोक प्रशासन), मुकेश कुमार (अर्थशास्त्र), डॉ. अमित कुमार (भूगोल), डॉ. इंदु (मनोविज्ञान), कृष्ण कुमार (हिंदी) तथा डॉ. सुरीना (हिंदी) शामिल रहे। निर्णायकों ने निर्धारित मानदंडों के आधार पर विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों एवं रचनात्मक कार्यों का मूल्यांकन किया। कला-साहित्य भी व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा : रेखा सलूजा महाविद्यालय की प्राचार्या रेखा सलूजा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि कला, साहित्य, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियां भी व्यक्तित्व निर्माण का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है और ऐसे मंच विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने तथा उसे प्रस्तुत करने का अवसर देते हैं। विजेताओं को किया गया सम्मानित उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की सांस्कृतिक समिति की कोऑर्डिनेटर एवं सहायक प्रवक्ता मनोविज्ञान डॉ. इंदु ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले निर्णायक मंडल, प्राध्यापकों, गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
Source link
उकलाना डिग्री कॉलेज में दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम:छात्राओं ने फाइन आर्ट्स, एकल नृत्य और कविता पाठ किया, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
