Headlines

Punjab Chandigarh top News | Shooter Encounter | wife and daughter Murder


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर ASI को गोली मारने वाले शूटर से जुड़ी रही। जिसे पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। इस दौरान 2 पुलिस मुलाजिमों को भी गोली लगी है।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. ASI को गोली मारने वाला 19 साल का शूटर ढेर

अमृतसर में ASI जसवंत सिंह को चलती बाइक पर गोली मारने वाले 19 साल के शूटर करणबीर नंदी को पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। आरोपी करणबीर सिंह कुछ दिन पहले ही पुलिस हिरासत से भाग गया था। तब से पुलिस को उसकी तलाश थी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तलाश कर रही पुलिस टीम ने उसे अमृतसर देहात के इलाके में घेरा तो कंडोवालिया इलाके में उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान 2 पुलिस मुलाजिमों को गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी करणबीर जख्मी हो गया।

अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई। पुलिस के साथ मुठभेड़ में दोनों तरफ से 14 राउंड फायरिंग हुई। आरोपी ने ASI जसवंत सिंह पर गोली चलाई थी। हालांकि, वह बाल-बाल बच गए थे। गोली उनकी पगड़ी को भेदकर सिर को छूती हुई गई थी। (पढ़ें पूरी खबर)

2. पत्नी-बेटी की चाकू से गला काटकर हत्या

गुरदासपुर में पति ने पत्नी और बेटी की हत्या कर दी। इसके बाद दोनों की लाश घर में छोड़कर वह मेन गेट को ताला लगाकर फरार हो गया। इसका खुलासा तब हुआ, जब मृतक महिला का भाई उससे मिलने पहुंचा। मेन गेट का ताला तोड़कर वह अंदर गया तो सीढ़ियों के पास मां बबली (40) और बेटी तमन्ना (12) की लाश पड़ी हुई थी।

आसपास ही खून बिखरा हुआ था। पति घर से फरार था। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस बुलाई। पुलिस ने जांच की तो मां-बेटी के गले पर गहरे कट के निशान मिले। मां के सिर पर भी वार किए गए थे। भाई ने आरोप लगाया कि चाकू मारकर दोनों की हत्या की गई है।

शुरूआती जांच में सामने आया कि आरोपी नशेड़ी किस्म का है। वह नशे के लिए रुपए मांगता था और इनकार करने पर मारपीट करता था। इसको लेकर रात में मृतका लड़की ने अपने मामा को भी फोन कर बताया था, जिसके बाद ही वह सुबह उनके घर पहुंचे थे। (पढ़ें पूरी खबर)

3. काउंटर इंटेलिजेंस इंस्पेक्टर 3Kg हेरोइन संग पकड़ा

काउंटर इंटेलिजेंस में तैनात एक इंस्पेक्टर को फिरोजपुर में गिरफ्तार किया गया है। उस पर नशा तस्करी का आरोप है। गिरफ्तारी के समय आरोपी से 3 किलो 350 ग्राम हेरोइन मिली है। इसके अलावा 6 पिस्टल, 4 मैगजीन और 17 कारतूस भी बरामद हुए हैं।

पुलिस ने आरोपी की आई-20 कार और उससे 6 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। आरोपी की पहचान बलदेव सिंह (56) के रूप में हुई है। फिरोजपुर पुलिस ने आरोपी से बरामद सभी अवैध सामान को जब्त कर कार्रवाई शुरू की है।

आरोपी के खिलाफ NDPS और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में नशा और हथियार कहां से लाया और कहां लेकर जा रहा था। इस बात की भी जांच चल रही है कि आरोपी इस अवैध धंधे में कब से लगा हुआ था। (पढ़ें पूरी खबर)

4. यूनिवर्सिटी में जबरदस्त हंगामा, पुलिस की गाड़ी तोड़ी

पटियाला की चितकारा यूनिवर्सिटी में छात्र भड़क गए। 2 छात्राओं की मौत होने की खबर वायरल होते ही बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स कैंपस में जमा हो गए। उन्होंने छात्राओं के लापता होने को लेकर यूनिवर्सिटी प्रशासन से जवाब मांगने लगे। स्टूडेंट्स ने रात में कैंपस में एंबुलेंस आने और हॉस्टल से आई आवाज के बारे में भी सफाई देने को कहा।

माहौल बिगड़ते देख यूनिवर्सिटी ने पुलिस बुला ली। इसके बाद पुलिस अफसरों से भी स्टूडेंट्स की बहस हो गई। उन्होंने पुलिस की वैन तोड़ दी। छात्र यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट से पूरे मामले की जानकारी देने और कैंपस में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की मांग करते रहे।

DSP सुखदेव सिंह के मुताबिक फिलहाल कैंपस में स्थिति शांत है। स्टूडेंट्स से शिकायत ले ली है। अब एक-एक छात्रा का रिकॉर्ड से मिलान कर इसकी जांच की जाएगी। सोशल मीडिया पर किसने ये बात फैलाई, इसकी भी जांच की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

5. सरपंच के पति का मर्डर, दिल में गोली मारी

तरनतारन में शिरोमणि अकाली दल की सरपंच कुलविंदर कौर के पति नवप्रीत सिंह नवी की घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। 50 वर्षीय नवप्रीत सिंह अपने दोस्त अमृत सिंह के साथ घर के बाहर खड़े थे, तभी उनपर फायरिंग कर दी। एक गोली उनके दिल में जाकर लगी।

उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिवार और अकाली दल की हलका इंचार्ज ने आरोप लगाया कि नवी इलाके में नशे को लेकर विवाद में हत्या की गई। पुलिस फिलहाल अलग-अलग पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

उधर, एसपी (आई) रिपुतपन सिंह ने डीएसपी सुखबीर सिंह के नेतृत्व में मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर)

6. सिद्धू मूसेवाला के पूर्व मैनेजर के पिता गिरफ्तार

पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के घर पर हुई फायरिंग मामले में बरनाला पुलिस ने दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पूर्व मैनेजर शगनप्रीत सिंह के पिता सौदागर सिंह को खन्ना से गिरफ्तार किया है। सौदागर सिंह गुरुवार को खन्ना के प्रेम वैष्णो ढाबे पर एक फायरिंग मामले में अदालत में पेशी के लिए पहुंचे थे। बरनाला पुलिस ने उन्हें वहीं हिरासत में ले लिया।

खन्ना सिटी थाना पुलिस को जानकारी देकर DDR दर्ज की गई। पुलिस अब सौदागर सिंह से पूछताछ कर रही है। शगनप्रीत सिंह के माता-पिता को पहले भी खन्ना में फायरिंग और फिरौती के मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है।

घटना 12-13 सितंबर की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुई। गांव फरवाही में सिद्धू के पैतृक घर पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। घर के बाहर पहुंचते ही युवकों ने बाइक रोकी। इसके बाद बीच में बैठे युवक ने पिस्टल लोड कर गोलियां चलानी शुरू कर दीं थी। (पढ़ें पूरी खबर)

7. युवक ने किया सुसाइड, दादा बोले- सरपंच ने किया प्रताड़ित

संगरूर के गांव कनोई में 23 साल के युवक ने सल्फास की गोलियां खाकर जान दे दी। परिवार के मुताबिक, सनमदीप सिंह की हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिवर ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया।

परिवार ने गांव के मौजूदा सरपंच दीप सिंह बावा और सरपंच के भाई गुरिंदर सिंह और हरबंस सिंह बांसा और उनकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि वे सनमदीप सिंह को लगातार परेशान कर रहे थे। परिवार का कहना है कि पुराने झगड़े की वजह से सनमदीप को काफी समय से परेशान किया जा रहा था।

परिवार के मुताबिक कई बार रास्ते में सनमदीप को ट्रैक्टर या दूसरी गाड़ियों से टक्कर मारने की कोशिश की गई। परिवार ने यह भी कहा कि पुराने झगड़े को लेकर दोनों पक्षों ने पुलिस में केस भी दर्ज करवा रखे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

8. दीवारों पर खालिस्तानी नारे लिखे, पुलिस ने पेंट कराया

अमृतसर के भंडारी पुल पर खालिस्तान और गुरपतवंत सिंह पन्नू के पक्ष में नारे लिखे गए। शुक्रवार देर रात कुछ लोगों ने पुल की दीवार पर खालिस्तान समर्थक नारे लिख दिए। शनिवार सुबह जब लोगों की नजर इन नारों पर पड़ी तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मौके का जायजा लिया और जिस जगह पर नारे लिखे गए थे, वहां से उन्हें हटाने की कार्रवाई की गई। पुलिस की ओर से नारे लिखी जगह पर काला पेंट कर दिया गया, ताकि वहां लिखे गए संदेश दिखाई न दें।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पुल पर नारे किसने लिखे और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि रात के समय वहां आने-जाने वाले लोगों की पहचान की जा सके। (पढ़ें पूरी खबर)

9. बेअदबी कानून पर CM मान ने बुलाई मीटिंग

सीएम भगवंत मान ने जागत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार एक्ट को लेकर बैठक बुलाई है। कल दोपहर एक बजे सीएम आवास पर यह बैठक होगी। जिसमें 7 सदस्यीय तालमेल कमेटी के सदस्य शामिल होंगे। जिसमें अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह, दमदमी टकसाल के मुखी संत ज्ञानी हरनाम सिंह खालसा भी शामिल हैं।

इस एक्ट में संसोधन का अकाल तख्त साहिब और SGPC ने विरोध किया था। सिख नेताओं का मानना है कि इस कानून के जरिए सरकार धार्मिक और पंथिक मामलों में दखल दे रही है। एक्ट बनाने से पहले अकाल तख्त साहिब या SGPC से कोई राय-मशविरा नहीं किया गया।

श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज ने पंजाब सरकार को अल्टीमेटम दिया था। जत्थेदार ने कहा था कि तय समयसीमा यानी 30 सितंबर तक कानून की धाराओं में बदलाव नहीं करने पर अकाल तख्त इस मामले में सख्त फैसला लेगा। जत्थेदार ने उम्मीद जताई थी कि सरकार तय समय पर बदलाव कर देगी। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. लॉटरी संचालक 120 रुपए में बना लखपति

जालंधर में 45 साल से लोगों को लखपति-करोड़पति बनाने वाले लॉटरी संचालक की खुद किस्मत चमक गई। लॉटरी संचालक सरबजीत सिंह ने दुकान पर बची 120 रुपए की राजश्री लॉटरी टिकट खुद खरीद ली। इसी टिकट पर उनका 1 लाख रुपए का पहला इनाम निकला।

सरबजीत के मुताबिक, दो दिन पहले राजश्री लॉटरी की 10 टिकटों की एक कॉपी नहीं बिक पाई थी। ग्राहक नहीं मिलने पर उन्होंने एक टिकट खुद रख ली। अब इसी टिकट ने उन्हें लखपति बना दिया। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *