Headlines

सरगुजा में डीईओ ने बीईओ को थमाया कारण बताओ नोटिस:टीचर्स एसोसिएशन ने की शिकायत, मेडिकल और छुट्टी के लिए पैसे मांगने का आरोप




सरगुजा के सीतापुर बीईओ संतोष कुमार सिंह के खिलाफ शिक्षकों के सेवा संबंधी कामों के बदले कथित तौर पर पैसे मांगने और जानबूझकर मामलों को लंबित रखने की शिकायत हुई है। शिकायत मिलने के बाद सरगुजा डीईओ ने बीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शिक्षकों के सेवा संबंधी प्रकरणों को बिना वजह लंबित रखा जाता था और काम कराने के बदले पैसे की मांग की जाती थी। अब डीईओ ने बीईओ से इन आरोपों पर जवाब मांगा है। अब जानिए पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने सीतापुर बीईओ संतोष कुमार सिंह के खिलाफ सरगुजा कलेक्टर और डीईओ से शिकायत की है। एसोसिएशन ने बीईओ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि शिक्षकों की छुट्टी, मेडिकल लीव की मंजूरी और वेतन से जुड़े मामलों को लंबे समय तक लंबित रखा जाता है। शिकायत में इन कामों के बदले कथित तौर पर पैसे मांगने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ शिक्षकों के अवकाश आवेदन और मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट कार्यालय से गायब हो गए। वहीं, आवक-जावक में आवेदन लेने से मना करने की बात भी कही गई है। इसके अलावा, परिवीक्षा अवधि पूरी कर चुके पात्र शिक्षकों के नियमितीकरण के प्रस्ताव उच्च कार्यालय भेजने में भी अनावश्यक देरी का आरोप लगाया गया है। एसोसिएशन ने सर्विस बुक के संधारण, जीपीएफ पासबुक और दूसरे सरकारी रिकॉर्ड को अपडेट करने में भी कथित देरी और राशि मांगने की शिकायत की है। डीईओ ने जारी किया नोटिस, मांगा जवाब शिकायत मिलने के बाद सरगुजा डीईओ दिनेश कुमार झा ने सीतापुर बीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि अगर कार्यालयीन काम में इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है, तो इसे गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता माना जा सकता है। यह छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों के भी खिलाफ है। डीईओ ने बीईओ को सभी आरोपों पर अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए दो दिन के भीतर जवाब देने को कहा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एकतरफा अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। टीचर्स एसोसिएशन ने की जांच की मांग टीचर्स एसोसिएशन के जिला संयोजक कमलेश सिंह ने डीईओ की ओर से जारी किए गए नोटिस को पर्याप्त कार्रवाई नहीं बताया है। उनका कहना है कि शिकायतों की जांच कर उचित कार्रवाई होनी चाहिए। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर बीईओ के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो बीईओ कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *