![]()
लुधियाना में वर्धमान चौक स्थित ग्लाडा मैदान में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा हनुमान जी की कथा सुनाई जा रही है। कथा में शामिल होने वाले लोगों के सामान, पर्स और गहनों पर हाथ साफ करने वाली महिलाओं के एक गैंग का पर्दाफाश थाना मोती नगर की पुलिस ने किया है। पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये महिलाएं धार्मिक समागम में पहुंचने वाली महिलाओं की सोने की चेन, पर्स, मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी करती है। पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को एएसआई अजय सिंह पुलिस पार्टी के साथ इलाके में गश्त पर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि महिलाओं का एक गिरोह GLADA ग्राउंड के सामने वर्धमान फैक्टरी, चंडीगढ़ रोड में चल रहे धार्मिक समागम में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है। राम दरबार मंदिर के सामने पार्क में बैठी थीं आरोपी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए राम दरबार मंदिर के सामने पार्क में बैठी चार महिलाओं को काबू किया। पुलिस ने उनकी पहचान सीमा पत्नी गोबिंद, रैनू पत्नी लखन, किरण देवी पत्नी मनोज रविदास और कविता पुत्री मुरारी के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, सीमा और रैनू फूलमंडी थाना कोतवाली, नई दिल्ली की रहने वाली हैं। किरण देवी गांव यमनापुर, जिला उन्नाव, उत्तर प्रदेश और कविता कसाई मोहल्ला, कानपुर, उत्तर प्रदेश की रहने वाली बताई गई है। धार्मिक आयोजनों में भीड़ का फायदा उठाने का आरोप पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिलाएं धार्मिक समागमों में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से सोने की चेन, पर्स और मोबाइल समेत अन्य सामान चोरी करती थीं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूर्व में की गई वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है। थाना मोती नगर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। साथ ही धार्मिक समागम स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि गिरोह द्वारा पहले की गई चोरी की वारदातों का पता लगाया जा सके।
Source link
धीरेंद्र शास्त्री की हनुमान कथा में महिलाओं का गिरोह एक्टिव:4 आरोपी गिरफ्तार: राम दरबार मंदिर के सामने पार्क में बैठी थीं;चेन,पर्स और मोबाइल चोरी
