Headlines

जींद के प्रवीन ने जीता बेस्ट रेडर अवॉर्ड:पंजाब में फोर्ड ट्रैक्टर मिला ईनाम, पहले दो बुलेट भी जीत चुके, गांव में जोरदार स्वागत




जींद जिले के जुलाना क्षेत्र के मालवी गांव निवासी प्रवीन दलाल ने पंजाब के अकालगढ़ में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए बेस्ट रेडर का अवॉर्ड हासिल किया। उनके बेहतरीन खेल के लिए आयोजकों की ओर से उन्हें फोर्ड कंपनी का ट्रैक्टर इनाम में दिया गया। प्रवीन की इस उपलब्धि से मालवी गांव के साथ-साथ पूरे जुलाना क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने उनकी जीत पर खुशी जताते हुए उनका जोरदार स्वागत किया। प्रवीन ने बताया कि अकालगढ़ में कबड्डी प्रतियोगिता 22 से 25 सितंबर तक आयोजित हुई थी। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने अपनी टीम के लिए कई शानदार रेड लगाईं और महत्वपूर्ण मुकाबलों में टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके लगातार बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें प्रतियोगिता का बेस्ट रेडर चुना गया। इसके बाद पुरस्कार के रूप में उन्हें फोर्ड कंपनी का ट्रैक्टर प्रदान किया गया। दो बार बुलेट बाइक भी पुरस्कार में जीती प्रवीन किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं और उन्हें बचपन से ही कबड्डी खेलने का शौक रहा है। उन्होंने नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत के दम पर अपने खेल में लगातार सुधार किया। इससे पहले भी वह कबड्डी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर चुके हैं। प्रवीन दो बार बुलेट बाइक भी पुरस्कार के रूप में जीत चुके हैं। प्रवीन के गांव लौटने पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। ग्रामीणों ने कहा कि प्रवीन ने अपनी मेहनत और खेल प्रतिभा से गांव व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *