![]()
“मेरी मम्मी को भोला अंकल ने गला दबाकर मार दिया। मम्मी नहाने जा रही थीं, तभी उन्होंने गले में रस्सी बांधकर कुर्सी पर चढ़कर पंखे से लटका दिया। इसके बाद उन्होंने ही मम्मी को नीचे उतार दिया।” यह कहना है मृतका रिंकू देवी के पांच साल के बेटे विवेक का। बच्चे के इस बयान के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। मामला मोतिहारी के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के राजपुर नवादा गांव से जुड़ा है। गांव निवासी विनोद बैठा की बेटी रिंकू देवी (25) की शादी करीब 8 साल पहले मधुबन थाना क्षेत्र के बंजरिया निवासी पप्पू बैठा से हुई थी। रिंकू के एक बेटा और एक बेटी है। उसका पति पप्पू बाहर रहकर मजदूरी करता है। मामले से जुड़ी तस्वीरें देखिए…. अब सिलसिलेवार जानिए पूरी घटना…. बताया गया कि रिंकू के पिता विनोद बैठा को किसी व्यक्ति से सूचना मिली कि उनकी बेटी की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही वह बेटी के ससुराल पहुंचे, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। जानकारी लेने पर पता चला कि शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया है। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना मधुबन पुलिस को दी। थानाध्यक्ष प्रवीण पांडे ने तत्काल पुलिस टीम को जांच के लिए भेजा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव को बरामद कर लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेटे ने पुलिस को बताई मां की मौत की कहानी पुलिस टीम जब रिंकू के घर पहुंची तो उसके पांच साल के बेटे विवेक से भी पूछताछ की। विवेक ने पुलिस को बताया कि उसकी मां नहाने जा रही थीं। इसी दौरान भोला अंकल ने उनका गला दबाया। इसके बाद उनके गले में रस्सी बांधकर कुर्सी पर चढ़े और पंखे से लटका दिया। बच्चे ने बताया कि बाद में भोला ने ही उन्हें नीचे उतारा। ससुराल वालों पर हत्या का आरोप मृतका के परिजनों ने देवर अंकित बैठा, भोला बैठा, ससुर हरेंद्र बैठा, सास शारदा देवी, चाचा प्रताप बैठा और शिवली बैठा समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के पिता विनोद बैठा का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से ससुराल वाले दहेज की मांग कर रहे थे। किसी न किसी बात को लेकर सास-ससुर और देवर रिंकू के साथ मारपीट भी करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि परिजन समय पर नहीं पहुंचते तो रिंकू का अंतिम संस्कार कर दिया जाता। उनके पहुंचने की भनक लगने पर शव को भूसाैली में छिपाकर आरोपी फरार हो गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह मधुबन थानाध्यक्ष प्रवीण पांडे ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों की ओर से अभी कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि महिला की हत्या हुई है या उसने आत्महत्या की है। मायके में होगा अंतिम संस्कार मृतका रिंकू देवी का अंतिम संस्कार उसके मायके नवादा में किया जाएगा। परिजनों के अनुसार, उसका पांच वर्षीय बेटा विवेक अपनी मां को मुखाग्नि देगा। परिजनों ने बताया कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हैं, जिसके कारण रिंकू का अंतिम संस्कार मायके में ही करने का निर्णय लिया गया है।
Source link
मोतिहारी में महिला की हत्या, ससुराल वाले घर छोड़ फरार:बेटा बोला -भोला अंकल ने मारा, नहाने जा रही मां को रस्सी से लटकाया
