![]()
3 दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक की। सीएम ने बाढ़ के हालात पर चर्चा की। इसके साथ ही चक्रवात के कारण आयी आंधी व बारिश में टूटे, गिरे बिजली के पोल व तारों को पूरी तरह से ठीक करने का निर्देश दिया। इस बैठक के लिए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी संदीप कुमार को गोरखपुर बुलाया गया था। एमडी ने बताया कि ज्यादातर स्थानों पर इसे ठीक कर लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी सभी पोल, तार ठीक कर विद्युत आपूर्ति को पूरी तरह से सामान्य किया जाए। मुख्यमंत्री ने नेपाल की पहाड़ियों में हो रही बारिश के बाद गोरखपुर के नदियों की स्थिति पर नजर रखने को कहा। उन्होंने कहा कि यहां राप्ती, सरयू, रोहिन आदि नदियों के जलस्तर में बढ़ोत्तरी हो रही है । लोगों की सुविधा का ध्यान रखा जाए। सीएम को प्रशासन की ओर से बताया गया कि सभी को एलर्ट पर रखा गया है और तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी गई है। नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। सीएम ने कहा कि हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि नेपाल में हो रही बारिश पर भी लगातार नजर रखी जाए और उसी के अनुसार यहां भी तैयारी की जाए। गोरखपुर में सरयू, राप्ती एवं रोहिन नदियां खतरे के निशान तक पहुंचने वाली हैं। सीएम ने नेपाल बार्डर पर सुरक्षा के इंतजाम की निगरानी करने का भी निर्देश दिया। एडीजी जोन एवं डीआईजी को इसकी नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। बैठक में पिछले दिनों हुई भारी बारिश के चलते हुए जलभराव की भी चर्चा की गई। सीएम को बताया गया कि हर जगह से पानी निकल चुका है। उन्होंने कहा कि इसके चलते जो दिक्कतें आयी हैं, उसका समाधान कराया जाए। नदियों में न जाए प्रदूषण मुख्यमंत्री ने गीडा क्षेत्र में फैक्ट्रियों की स्थिति के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि फैक्ट्रियों से प्रदूषण न फैले इसका भी ध्यान रखा जाए। नदियों में किसी तरह का दूषित जल नहीं जाना चाहिए। इसके लिए जरूरी उपाय किए जाएं। उन्होंने एक-एक कर गोरखपुर में संचालित विकास परियोजनाओं के बारे में भी जानकारी ली। सीएम ने कहा कि सभी परियोजनाओं को समय से पूरा कर लिया जाए। किसी भी योजना में देरी नहीं होनी चाहिए।
Source link
बारिश, आंधी में गिरे पोल को दुरुस्त करें:गोरखपुर में CM ने बैठक की; नदियों के जलस्तर पर नजर रखने को कहा
