Headlines

कांग्रेस ने की CEC ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग:तरनतारन में डीसी ऑफिस के सामने प्रदर्शन, भाजपा पर 'वोट चोरी' का आरोप




रनतारन में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सचिव और पंजाब मामलों के सह-प्रभारी सूरज ठाकुर के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन डिप्टी कमिश्नर (DC) कार्यालय के बाहर आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को तुरंत उनके पद से हटाने और गिरफ्तार करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया। धरने को संबोधित करते हुए सूरज ठाकुर ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी लगातार वोटों की हेराफेरी करके देश में लोकतंत्र को खत्म करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त खुलेआम संवैधानिक गरिमा से खिलवाड़ कर भाजपा को फायदा पहुंचा रहे हैं। इस मुद्दे को कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी प्रमुखता से उठा चुके हैं। राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा, निष्पक्ष जांच की मांग कांग्रेस शिष्टमंडल ने डिप्टी कमिश्नर तरनतारन के माध्यम से देश के राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तुरंत बर्खास्त कर गिरफ्तार करने तथा पूरे चुनावी मामले की निष्पक्ष जांच कराकर इसमें शामिल अन्य दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई। सूरज ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार निष्पक्षता और पारदर्शिता लाने के बजाय विपक्ष की आवाज दबाने में लगी है, जबकि लोकतंत्र के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर जनता का विश्वास बना रहना बेहद जरूरी है। भाजपा के नशा मुक्ति मार्च को बताया राजनीतिक ड्रामा पंजाब में भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाले जा रहे नशा मुक्ति मार्च पर हमला बोलते हुए सूरज ठाकुर ने इसे महज एक राजनीतिक ड्रामा करार दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनविरोधी फैसलों को झेल रही है और अब लोग इनके बहकावे में आने वाले नहीं हैं। आम आदमी पार्टी सरकार पर भी साधा निशाना सूरज ठाकुर ने राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘झाड़ू सरकार’ ने चुनाव से पहले जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज हर वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। मान सरकार राज्य में नशा, गिरती कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और किसानों के ज्वलंत मुद्दों से लगातार भाग रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में पंजाब की जनता कांग्रेस को भारी बहुमत देकर सत्ता में वापस लाएगी। प्रदर्शन में शामिल रहे प्रमुख नेता इस रोष प्रदर्शन में पूर्व विधायक और वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं की भारी मौजूदगी रही। इनमें मुख्य रूप से सुखविंदर सिंह डैनी बंडाला, जिला अध्यक्ष राजबीर सिंह भुल्लर, हरमिंदर सिंह गिल, सुखपाल सिंह भुल्लर, इंदरबीर सिंह बोलारिया, करणबीर सिंह बुर्ज और संग्राम सिंह सिक्की शामिल हुए। इसके अलावा ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप सिंह कोट दसांधी मल्ल, शहरी अध्यक्ष लखविंदर सिंह लक्की पागल, सुरिंदरपाल सिंह जगतपुरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता और वर्कर मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष राजबीर सिंह भुल्लर ने पहुंचे हुए सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं का धन्यवाद व्यक्त किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *