![]()
जोधपुर के उदयमंदिर थाना इलाके में 26 सितंबर रात कुत्ता घुमाने की बात को लेकर हुए विवाद में युवक की जान चली गई। आरोपियों ने एक मकान में घुसकर युवक के साथ जमकर मारपीट की और गंभीर रूप से घायल युवक को सड़क पर फेंककर फरार हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान घायल युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, फलौदी के आमला निवासी प्रेम सिंह (26) ने उदयमंदिर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका छोटा भाई जसवंत सिंह (23) और वे खुद नेशनल हैंडलूम में सेल्समैन का काम करते हैं। दोनों राईकाबाग में लालसिंह हैंडीक्राफ्ट के पीछे किराए के मकान में रहते हैं। शनिवार दोपहर पुलिस की सूचना पर जब परिजन एमजीएच अस्पताल पहुंचे, तो जसवंत आईसीयू में वेंटिलेटर पर बेहोश मिला, जिसके सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। देर रात घर में घुसे, घसीटकर सड़क पर फेंका पीड़ित परिवार ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1:50 बजे गली में कुत्ता घुमाने की बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद आरोपी मोहित, उसका मामा दामिनी कांत राजवंशी, लक्की और एक अन्य व्यक्ति पीड़ित के किराए के मकान पर पहुंचे। आरोपियों ने जबरन दरवाजा खुलवाया और अंदर घुसकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान अन्य साथी तो भाग निकले, लेकिन आरोपियों ने जसवंत के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे घसीटकर बाहर सड़क पर फेंक दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। दो आरोपी पुलिस रिमांड पर, एक को भेजा जेल मामले में पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की और तीनों नामजद आरोपियों मोहित निवासी राईकाबाग, दामिनी कांत राजवंशी निवासी उदयपुर और लक्की निवासी उदयपुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से दो आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि एक आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की अग्रिम जांच कर रही है।
Source link
जोधपुुर- कुत्ता घुमाने की बात पर युवक पर हमला, मौत:मामा ने भांजे ने घर से घसीटकर जमकर पीटा; सड़क पर फेंककर भागे
