![]()
किशनगंज में दहेज प्रताड़ना और जबरन गर्भपात के आरोप में एक युवक और उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सदर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई पीड़ित विवाहिता की मां की शिकायत पर की है। जानकारी के अनुसार, रूईधासा निवासी एक युवती का निकाह मोतिहारा तालुका के एक युवक से हुआ था। निकाह के बाद से ही रुखसती की रस्म नहीं हुई थी, जिसके कारण विवाहिता अपने मायके में रह रही थी। इस दौरान पति का अपनी पत्नी के घर आना-जाना लगा रहता था। मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि दामाद रुखसती के लिए लगातार दबाव बना रहा था। उसने रुखसती के बदले एक बाइक और 50 हजार रुपये नकद दहेज की मांग की। मांग पूरी न होने पर वह रुखसती टालता रहा और विवाहिता को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। शिकायत में यह भी आरोप है कि इसी दौरान विवाहिता गर्भवती हो गई थी। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी युवक ने धोखे से अपनी पत्नी का गर्भपात करवा दिया। इस घटना के बाद पीड़िता और उसके परिजनों ने न्याय के लिए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है। थानाध्यक्ष बोले-मामले की जांच जारी सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। दहेज प्रताड़ना और गर्भपात जैसे गंभीर आरोपों से जुड़ा यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है।
Source link
दहेज में बाइक और 50 हजार रुपए मांगे:किशनगंज में पत्नी की रुखसती नहीं करवाने पर पति समेत ससुराल पर केस
