![]()
संगरूर जिले के उपमंडल लहरागागा के तहत आते गांव बखोरा खुर्द में मंगलवार को एक कार चालक की लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। बखोरा कलां की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने पैदल जा रहे पांच बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई है। चीख-पुकार सुन पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल जानकारी के अनुसार, बखोरा खुर्द निवासी 12 वर्षीय युद्धवीर, 17 वर्षीय ईशा और तीन अन्य बच्चे गांव में पैदल जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आई बेकाबू कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को लहरागागा के अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने 12 वर्षीय युद्धवीर को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के डॉक्टर तुलेश बंसल ने बताया कि ईशा की हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे संगरूर रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य तीन बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। मृतक युद्धवीर के शव को पोस्टमार्टम के लिए मूनक भेजा गया है। कार छोड़कर फरार हुआ चालक, पुलिस जांच में जुटी घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही चोटियां चौकी के इंचार्ज रंजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑल्टो कार को कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
संगरूर में कार ने पैदल 5 बच्चों को मारी टक्कर:एक की मौत, लड़की गंभीर; तीन बच्चे बाल बाल बचे, गाड़ी छोड़कर चालक फरार
