Headlines

Punjab Chandigarh Top News | Amit Shah Visit Khalistani Slogans


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर गैंगस्टर गोल्डी बराड़ से जुड़ी रही। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने उसे टॉप-10 मोस्ट वॉन्टेड की लिस्ट में शामिल किया है। जानकारी देने वाले को 10 करोड़ इनाम देने की घोषणा की है।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. गैंगस्टर गोल्डी बराड़ पर ₹10 करोड़ का इनाम

अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को टॉप-10 मोस्ट वॉन्टेड की लिस्ट में शामिल किया है। बराड़ की जानकारी देने वाले को 10 लाख डॉलर (करीब 9.5 करोड़ रुपए) तक का इनाम देने की घोषणा की गई है।

बराड़ को लॉरेंस ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप का उत्तरी अमेरिका में प्रमुख ऑपरेशनल लीडर बताया गया है। लॉरेंस और गोल्डी बराड़ पर 2023 में खालिस्तानी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आरोप है। इसी साल जुलाई में निज्जर की हत्या को लेकर अमेरिका ने पहली बार चार्जशीट दाखिल की थी।

अमेरिकी सरकार के मुताबिक, लॉरेंस भारतीय जेल में रहते हुए भी अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क चला रहा है। वह जेल में तस्करी से पहुंचाए गए मोबाइल फोन और इंटरनेट कॉलिंग डिवाइस के जरिए हत्या, रंगदारी, अपहरण, ड्रग्स और मानव तस्करी जैसी गतिविधियों का निर्देश देता है। (पढ़ें पूरी खबर)

2. छात्रा का दावा- इन्फ्लुएंसर ने LPU में हिंसा फैलाई

फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में बवाल को लेकर नए-नए वीडियो सामने आ रहे हैं। यहां की रम्या मिश्रा नाम की छात्रा ने सोमवार सुबह करीब 8 बजे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर कहा इन्फ्लुएंसर मोहम्मद फरहत ने हिंसा फैलाई।

छात्रा ने कहा कि फरहत पहले DSW कार्यालय में दाखिल हुआ। इसके बाद उसने किसी की ओर इशारा किया, जिसके बाद कुछ अन्य युवक अंदर पहुंचे और सीसीटीवी कैमरों में तोड़फोड़ के बाद नुकसान पहुंचाया।

वीडियो वायरल होने के बाद इंस्टाग्राम पर फरहत ने स्टेटस लगाया, जिसमें लिखा कि वह वहां नहीं था, बल्कि वह तोड़फोड़ करने वाली भीड़ को साइड कर रहा था। फरहत इसी यूनिवर्सिटी में पढ़ा है। इस बीच एक सोशल मीडिया मैसेज का स्क्रीनशॉट सामने आया है, जिसमें LPU की एक छात्रा से रेप का दावा किया जा रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)

3. युवती ने थार से 2 युवकों को टक्कर मारी

चंडीगढ़ में तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। टक्कर के बाद थार चला रही युवती गाड़ी रोकने के बजाय आगे बढ़ गई। कुछ दूरी पर जाकर थार बिजली के ट्रांसफॉर्मर से टकरा गई।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने युवती को गाड़ी से बाहर निकलते ही घेर लिया। इस पर रोने लगी और लोगों को कहने लगी कि चुप रहो। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने युवती के नशे में होने की बात कही, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। युवती का मेडिकल कराया गया है और ब्लड सैंपल लिया गया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि थार चला रही युवती चंडीगढ़ के सेक्टर-38 में रहती है। पुलिस के मुताबिक मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। थार को कब्जे में ले लिया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. बागेश्वर बाबा धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर विवाद

लुधियाना में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा के दौरान की गई कुछ टिप्पणियों पर विवाद हो गया है। पंजाब के शाही इमाम मुहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी और पंजाब में क्रिश्चियन यूनाइटेड फेडरेशन के प्रेजिडेंट अल्बर्ट दुआ ने धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणियों पर एतराज जताया है।

शाही इमाम ने मांग की है कि शास्त्री माफी मांगें, नहीं तो कानूनी कार्रवाई होगी। वहीं, क्रिश्चियन फेडरेशन के प्रेजिडेंट का कहना है कि शास्त्री जी अपने इमोशन पर थोड़ा लगाम रखें। क्या करना है, इसका फैसला कल करेंगे। उन्होंने पूरी क्रिश्चियन कम्युनिटी को लुधियाना में इकट्‌ठा होने को कहा है।

धीरेंद्र शास्त्री की लुधियाना में 5 दिवसीय श्री हनुमंत कथा चल रही है। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर दोनों धर्मों को लेकर कुछ टिप्पणियां की। उन्होंने कहा कि जब आप सनातन धर्म में पैदा हुए हो तो हली-उल्लाह वालों के पास जाने की जरूरत नहीं। जो अपने पड़ोसी को बाप कहते हैं, भैया को सैंया बना लेते हैं, वह किसी काम के नहीं होते। (पढ़ें पूरी खबर)

5. युवती ने सुसाइड नोट लिखकर फांसी लगाई

फाजिल्का के अबोहर में घरेलू कलह के चलते एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने हाथ से लिखा एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने आरोप लगाया है कि उसकी भाभी ने उसका घर तबाह कर दिया।

युवती ने फांसी उस समय लगाई, जब उसके परिवार के सभी लोग अस्पताल गए थे। जब लौटे तो घर अंदर से लॉक था और युवती पंखे पर लटकी हुई थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

थाना नंबर-2 की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने युवती का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और परिजन के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले में अभी कार्रवाई जारी है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. अमित शाह के दौरे से पहले लिखे ‘भाजपा भगाओ’ के नारे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले जालंधर में दीवारों पर ‘भाजपा भगाओ’ के नारे लिखे मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। ये नारे रेडक्रॉस भवन की दीवारों पर लिखे गए थे। अमित शाह 30 सितंबर को जालंधर दौरे पर आ रहे हैं। शाह जीटी रोड पर लिली रिजॉर्ट के पास परागपुर क्षेत्र में ‘नशामुक्त पंजाब’ यात्रा को संबोधित करेंगे।

दीवारों पर ‘भाजपा भगाओ’ और ‘पंजाब दा हल खालिस्तान’ लिखा मिला। बाद में दीवारों पर कालिख पोतकर नारों को मिटा दिया गया। इन नारों की जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने वीडियो जारी कर ली है।

वीडियो में पन्नू ने कहा कि अमित शाह और भाजपा पंजाब में नशामुक्त पंजाब यात्रा निकाल रहे हैं, जबकि उसके दावे के मुताबिक पंजाब में नशे की सबसे बड़ी सौदागर भाजपा है। उसने दावा किया कि पंजाब में आने वाला हेरोइन समेत अन्य नशा भाजपा के जरिए आता है। (पढ़ें पूरी खबर)

7. युवती से टेलर ने किया रेप, iPhone भी ले गया

मोहाली की युवती ने हिमाचल के मंडी में टेलर (दर्जी) पर शादी का झांसा देकर लिव-इन रिलेशन में रहने और रेप करने के आरोप लगाए हैं। युवती के अनुसार, अब युवक शादी से इनकार कर रहा है। इसके बाद युवती सोमवार, 28 सितंबर की शाम को मंडी SP कार्यालय पहुंची।

उसने आरोप लगाया कि आरोपी उसका iPhone भी ले गया। युवती के अनुसार, अप्रैल से ये दोनों लिव-इन रिलेशन में रहने लगे थे। इस दौरान दोनों मंडी और मोहाली में कई बार मिले। युवती का कहना है कि युवक लगातार उससे शादी करने का भरोसा देता रहा।

युवती के मुताबिक, 13 अगस्त को वह मंडी पहुंची, जहां युवक और उसके परिवार ने शादी से इनकार कर दिया। वह सिटी चौकी मंडी पहुंची और शिकायत दी। युवती का आरोप है कि वहां उसकी FIR दर्ज नहीं की गई। अब जीरो FIR के बाद मामला मंडी पुलिस के पास पहुंचा है। (पढ़ें पूरी खबर)

8. गुरुद्वारे में सेवादार को मारी गोली,सीने से आर-पार निकली

संगरूर के गांव बडरुखां स्थित महाराजा रणजीत सिंह ननिहाल के गुरुद्वारे में देर रात करीब 1:36 बजे अज्ञात हमलावरों ने सेवादार को गोली मार दी। 4 से 5 हमलावर दीवार कूदकर गुरुद्वारे में घुसे थे। उन्होंने सेवादार जय सिंह का मुंह दबाकर पैर बांधने की कोशिश की।

जय सिंह के चिल्लाने पर दूसरे सेवादार (लांगरी) उन्हें बचाने के लिए बाहर आए। इस दौरान हमलावरों ने लांगरी को गोली मार दी। गोली उनके सीने से आर-पार निकल गई, जिससे उनकी जान बच गई। घायल सेवादार को पटियाला के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

गुरुद्वारा अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने बताया कि घटना में कोई लूटपाट नहीं हुई। ऐसे में हमलावरों का इरादा सिर्फ जान लेने का लगता है। पुलिस रात करीब 2:30 बजे मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। (पढ़ें पूरी खबर)

9. पेट्रोल पंप मुलाजिम को पीटा, किडनैपिंग की कोशिश

न्यू चंडीगढ़ में पीआर रोड स्थित पेट्रोल पंप पर लग्जरी कारों में आए युवकों ने कर्मचारी से मारपीट की। आरोप है कि युवकों ने कर्मचारी का मोबाइल फोन छीन लिया और उसे जबरन गाड़ी में धकेलकर अगवा करने की कोशिश की। उन्होंने कर्मचारी से नकदी छीनने का भी प्रयास किया, लेकिन वह किसी तरह वहां से भाग निकला।

पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पेट्रोल पंप कर्मचारी रोहित ने बताया कि आरोपी रात को पेट्रोल डलवाने आए थे। इस दौरान गाड़ी आगे करने की बात को लेकर विवाद हो गया और युवकों ने गाली-गलौज की। पंप के सर ने उन्हें समझाकर उस समय वहां से भेज दिया था। रोहित के मुताबिक, उसने भी युवकों को समझाया था कि वे स्थानीय लोग हैं और इस तरह का व्यवहार न करें। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. नशे में युवती घर-घर जाकर बजाती रही घंटियां

लुधियाना की संजय गांधी कॉलोनी में एक युवती का वीडियो सामने आया है। वीडियो में युवती नशे की हालत में लोगों के घरों के गेट खटखटाती और डोर बेल बजाती दिखाई दे रही है। वह ठीक से खड़ी भी नहीं हो पा रही थी। पार्षद चतरवीर सिंह ने उसका नाम और पता जानने की कोशिश की, लेकिन वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सकी।

पार्षद ने वीडियो जारी कर इलाके में नशे की स्थिति पर पुलिस और प्रशासन से सवाल किए। उनका आरोप है कि वार्ड में कुछ लोग खुलेआम नशा बेच रहे हैं। पार्षद के मुताबिक, कुछ महीने पहले भी उन्होंने इसी कॉलोनी में एक महिला को नशा बेचते पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। उसका वीडियो भी वायरल हुआ था।

हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रही युवती की पहचान और उसके नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस ने नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *