![]()
पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप के आरोपों के बाद हुए बवाल के बीच अब दो वीडियो सामने आए हैं। एक CCTV फुटेज को लेकर प्रदर्शनकारी छात्रों का दावा है कि इसमें वार्डन के साथ दो लोग एक कमरे की तरफ जाते दिखाई दे रहे हैं। छात्रों का कहना है कि यह वही कमरा है, जहां कथित तौर पर छात्रा के साथ वारदात हुई थी। हालांकि, इस दावे की पुलिस या यूनिवर्सिटी प्रशासन ने पुष्टि नहीं की है। वहीं, एक छात्रा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि उसके साथ कुछ नहीं हुआ है। उसने खुद को फर्स्ट ईयर की छात्रा बताते हुए कहा कि प्रदर्शन देखकर वह घबरा गई थी और रिश्तेदारों के साथ अपने घर चली गई। हालांकि, उसके वीडियो में यह स्पष्ट नहीं है कि वह किस यूनिवर्सिटी की छात्रा है। यूनिवर्सिटी में शनिवार रात को छात्रा से रेप की सूचना के बाद बवाल शुरू हुआ था। इसके बाद यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़ और आगजनी हुई। हिंसा के बाद यूनिवर्सिटी में छुट्टी कर दी गई है। अब पढ़िए दोनों सीसीटीवी में क्या CCTV में वार्डन के साथ जाते दिखे 2 लोग
सोशल मीडिया पर रविवार शाम 7 बजे से CCTV फुटेज वायरल हो रहा है। इसमें एक महिला के साथ दो लोग जाते दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक ने पीले रंग की जैकेट पहनी हुई है। प्रदर्शनकारी छात्रों का दावा है कि यह फुटेज हॉस्टल के G3 ब्लॉक का है और इसमें दिखाई दे रहा कमरा उसी छात्रा का है, जिसके साथ रेप होने का आरोप लगाया जा रहा है। छात्रों का कहना है कि फुटेज में दिखाई दे रहे दोनों लोग वार्डन के साथ कमरे की तरफ जाते हैं। इसके बाद कथित तौर पर छात्रा से जुड़ी घटना हुई। हालांकि, CCTV फुटेज में क्या हुआ, इसकी पुष्टि इस वीडियो से अकेले नहीं होती। पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से भी अभी तक इस फुटेज को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। छात्रों का दावा- शिकायत के बाद छात्रा को घर भेजा
प्रदर्शनकारी छात्रों के मुताबिक, छात्रा ने हॉस्टल में कथित घटना के बाद वार्डन से शिकायत की थी। छात्रों का आरोप है कि शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय छात्रा को रेस्टिकेट कर दिया गया और वह अपने घर चली गई। छात्रों का यह भी दावा है कि छात्रा पंजाब की रहने वाली नहीं थी। हालांकि, छात्रा की पहचान और उसके साथ हुई कथित घटना से जुड़ी इन बातों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। दूसरी तरफ छात्रा ने वीडियो जारी कर कहा- मैं सुरक्षित हूं
इसी बीच मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे यूनिवर्सिटी की एक छात्रा का वीडियो सामने आया। वीडियो में उसने अपना रोल नंबर बताया। उसने कहा कि मेरे बारे में जो अफवाहें फैलाई जा रही हैं वो पूरी तरह गलत है। मैं बिल्कुल सुरक्षित हूं और मेरे साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। उसने आगे कहा कि फर्स्ट ईयर की छात्रा होने के नाते विरोध-प्रदर्शन देखकर मैं पैनिक हो गई थी, इसलिए रिश्तेदारों के साथ अपने घर आ गई हूं। हालांकि, उसने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह किस यूनिवर्सिटी की छात्रा है। इसी वजह से सोशल मीडिया पर उसके वीडियो को लेकर भी अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस की जांच में CCTV फुटेज और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो समेत अन्य तथ्यों को देखा जा रहा है। पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि वायरल CCTV में दिखाई दे रहे लोग कौन हैं और फुटेज का कथित घटना से कोई संबंध है या नहीं। कपूरथला के एसएसपी गौरव तुरा सिर्फ इतना कह रहे हैं कि कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर की जा रही है। बवाल के बाद यूनिवर्सिटी में भारी पुलिस बल तैनात
रेप के आरोपों के बाद यूनिवर्सिटी में छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया था। कैंपस में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुईं। फिलहाल, पूरी यूनिवर्सिटी को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात है। हॉस्टलों को खाली करा लिया गया है। छात्रों को घर भेज दिया गया है।
Source link
LPU में रेप दावे को लेकर 2 VIDEO सामने आए:स्टूडेंट्स बोले- वार्डन संग कमरे में जाते दिखे 2 लोग, छात्रा बोली- मैं सेफ हूं
