Headlines

कुल्लू में केंद्रीय टीम आपदा प्रभावित इलाकों में पहुंची:भूस्खलन-क्षतिग्रस्त सड़कों का किया निरीक्षण; आकलन के बाद मिलेगी मदद




गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव एम. रामचंद्रुडु के नेतृत्व में छह सदस्यीय केंद्रीय टीम ने आज कुल्लू जिले में भूस्खलन से प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। टीम ने 2 दिन तक सैंज, मनाली, बंजार और आनी के क्षेत्रों का दौरा किया।टीम ने भूस्खलन, जमीन धंसने, क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं, पुलों, सड़कों और मत्स्य पालन केंद्रों का निरीक्षण किया। पहले दिन सैंज के मातला गांव में प्रभावित मकानों और परिवारों से बात की। दूसरे दिन टीम ने ओल्ड मनाली में क्षतिग्रस्त पेयजल योजना, सोलंग में भूस्खलन क्षेत्र और पतलीकूहल ट्राउट फार्म देखा। बंजार और आनी के खनाग में भी नुकसान का जायजा लिया। केंद्रीय टीम ने बताया कि प्रदेश सरकार नुकसान का मेमोरेंडम केंद्र को सौंपेगी। रिपोर्टों के मिलान के बाद ही राहत सहायता पर प्रक्रिया बढ़ेगी। केंद्रीय टीम में गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव एम. रामचंद्रुडु, जल शक्ति मंत्रालय के निदेशक प्रकाश चंद, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के निदेशक डॉ. सुभाष चंद्र, ग्रामीण विकास मंत्रालय के निदेशक रामावतार मीणा, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के कार्यकारी अभियंता शाश्वत महापात्रा तथा वित्त मंत्रालय के उप निदेशक कनव दुआ शामिल रहे। इसरो के वैज्ञानिक भी टीम में शामिल इसरो के राष्ट्रीय सुदूर संवेदन केंद्र, हैदराबाद के वैज्ञानिक डॉ. श्री शशिवर्धन रेड्डी भी टीम का हिस्सा रहे। दौरे के दौरान हिमाचल प्रदेश सरकार के अतिरिक्त सचिव (राजस्व एवं आपदा प्रबंधन) सुनील वर्मा, एडीएम सुरजीत राठौर, एसडीएम मनाली गुंजीत चीमा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *