![]()
डूंगरपुर के धंबोला कस्बे में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक सवार नवविवाहित दंपती की मौत हो गई। दोनों की शादी करीब तीन महीने पहले ही हुई थी। आदर्श गांव, बेडसा निवासी पंकज कटारा (21) अपनी पत्नी पायल (19) के साथ मंगलवार शाम बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर धंबोला थानाधिकारी चंद्रशेखर किलानिया पुलिस टीम के साथ पहुंचे। घायलों को सीमलवाड़ा सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पायल को मृत घोषित कर दिया। पंकज की हालत गंभीर होने पर उसे मोडासा रेफर किया गया। परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए मोडासा ले गए, लेकिन मंगलवार देर रात इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। तीन महीने पहले गूंजी थीं शहनाइयां, वहां छाया मातम
एक ही हादसे में पति-पत्नी की मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। जिस घर में महज तीन महीने पहले शादी की खुशियां मनाई गई थीं, वहां मातम छा गया। पंकज के परिवार पर पहले भी दुख का पहाड़ टूट चुका है। उसके पिता प्रभुलाल कटारा की करीब दो साल पहले एक हादसे में मौत हो चुकी थी। अब बेटे की मौत से परिवार पर दोहरा संकट आ गया।
आर्थिक सहयोग पर बातचीत के बाद शुरू हुई पोस्टमार्टम प्रक्रिया
हादसे के बाद दोनों शव सीमलवाड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए। बुधवार को दिनभर कार मालिक से आर्थिक सहयोग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों के बीच बातचीत चलती रही। शाम तक दोनों पक्षों में सहमति बनने के बाद शवों के पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण अस्पताल परिसर में मौजूद रहे।
पुलिस ने शुरू की जांच
धंबोला थाना पुलिस ने हादसे के कारणों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने हादसे में शामिल कार और बाइक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
Source link
