Headlines

अमृतसर में छात्रा फंदे पर लटकी:परिजन बोले-2 लेडी टीचर गलत कमेंट करती, विरोध करने पर रस्टिकेट किया; स्कूल के बाहर धरना




अमृतसर में 11वीं क्लास की एक स्टूडेंट ने मंगलवार को घर में फंदे पर लटककर सुसाइड कर लिया। परिजनों का आरोप है कि दो लेडी टीचर छात्राओं को मानसिक रूप से परेशान करती थीं और उनके चरित्र को लेकर अभद्र टिप्पणियां करती थीं। जिसके बाद उन्होंने ये कदम उठाया। परिजनों के मुताबिक, करीब एक महीने पहले छात्रा और उसकी क्लास की दूसरी छात्रा के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों छात्राओं को स्कूल से रेस्टीगेट कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले दोनों छात्राएं पेपर देने स्कूल पहुंचीं तो वहां भी उन्हें अपमानित किया गया। जब छात्राएं अपने माता-पिता के साथ स्कूल आईं, तब उन्हें दोबारा जलील कर रस्टिकेट कर दिया। इसके बाद उसने सुसाइड कर लिया। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने स्कूल के मेन गेट के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपी टीचर्स और प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की। पढ़िए परिजनों ने क्या बताया… बहन बोली- टीचर सहेलियों को परेशान करती थीं मृतका की पहचान मॉल मंडी निवासी कोमल (15) के रूप में हुई। उसकी बहन लक्ष्मी ने आरोप लगाया कि दो महिला टीचर कोमल और उसकी सहेलियों को कहती थीं कि तुम्हारी जैसे जुबान है तुम्हारा शादी के बाद ही तलाक हो जाएगा और तुम अपने मां-बाप को धोखा देती हो। इसके अलावा कई आपत्तिजनक कमेंट भी करती थीं। परिजनों के अनुसार, कोमल को एनसीसी गतिविधियों से भी काफी समय पहले हटा दिया गया था। उसे एक महीने के लिए स्कूल से निकालने की धमकी देती थीं और बाद में बाहर कर दिया गया। सहेली बोली- पंजाब पुलिस अफसर बनने का सपना था कोमल की सहेली मीनाक्षी ने बताया कि टीचरों के अपमानजनक शब्दों से वह परेशान थी। मीनाक्षी के मुताबिक, कोमल पंजाब पुलिस अधिकारी बनना चाहती थी। परिजनों का कहना है कि स्कूल में हुए घटनाक्रम से वह काफी आहत थी। परिजन बोले- आरोपी टीचर और प्रिंसिपल पर केस हो प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने स्कूल प्रबंधन और पुलिस पर उनकी आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपी टीचर्स और प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे स्कूल के बाहर से नहीं हटेंगे। जरूरत पड़ने पर मुख्य सड़क जाम करने की चेतावनी भी दी। दोनों महिला टीचर फरार परिजनों के मुताबिक, दोनों लेडी टीचर फिलहाल मौके पर उपलब्ध नहीं थीं। स्कूल प्रबंधन ने इस मामले में कोई बयान नहीं दिया है। SHO बोले- बयान दर्ज हो रहे, जांच के बाद कार्रवाई करेंगे मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी नवदीप सिंह ने स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने परिजनों और गवाहों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार स्कूल प्रबंधन से भी बात हुई है और वह अपने स्तर पर मामले को देख रहा है। जांच में जिसका भी कसूर सामने आएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *