![]()
रेंज रोवर डिफेंडर-130 गाड़ी दिलाने के नाम पर बिजनेसमैन से 17 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को झुंझुनूं पुलिस ने नोएडा से गिरफ्तार किया है। आरोपी रामचंद्र (36) पुत्र प्रेमलाल दिल्ली और नोएडा में लगातार ठिकाने बदल रहा था। जिले की कोतवाली पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे आज जेल भेज दिया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपी जुलाई 2026 में फरारी के दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP प्रदर्शन में भी दिखाई दिया था। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ खड़े प्रदर्शनकारियों में दिखाई दिए थे। लग्जरी गाड़ी का झांसा देकर एंठे 17 लाख रुपए
पुलिस के अनुसार, ‘राजस्थान हर्बल इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड’ के डायरेक्टर और झुंझुनूं निवासी साजिद दीवान ने 7 फरवरी 2025 को कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया था। पीड़ित ने अपनी कंपनी के लिए रेंज रोवर डिफेंडर-130 खरीदने के लिए नोएडा स्थित आव्यान ऑटोमेटिव प्राइवेट लिमिटेड के संचालक रामचंद्र से संपर्क किया था। आरोपी ने गाड़ी की कुल कीमत 1,67,37,089 रुपए बताई और 6 महीने के भीतर डिलीवरी का भरोसा दिया। बुकिंग और एडवांस के तौर पर साजिद की कंपनी ने 6 मार्च 2024 को 7 लाख रुपए और 8 मार्च 2024 को 10 लाख रुपए यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (गौर सिटी, नोएडा वेस्ट) के जरिए ट्रांसफर कर दिए। पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी जब गाड़ी नहीं मिली, तो पीड़ित ने आरोपी से अपने 17 लाख रुपए वापस मांगे। इस पर आरोपी रामचंद्र ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और गाली-गलौज करते हुए पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। नोएडा के सूरजपुर से पकड़ा, कोर्ट ने भेजा जेल
बैंक खातों की गहन जांच के बाद पुलिस को सटीक सूचना मिली कि आरोपी नोएडा के सूरजपुर क्षेत्र में छिपा है। इस पर एएसआई यूसुफ अली, कॉन्स्टेबल चैनाराम, योगेन्द्र और रूपेन्द्र की टीम ने 28 सितंबर को सूरजपुर (नोएडा) में दबिश देकर रामचंद्र को गिरफ्तार कर लिया। CJP प्रोटेस्ट में देखकर ही पीड़ित ने पहचाना था
कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि आरोपी रामचंद्र को CJP प्रोटेस्ट में देखकर ही पीड़ित ने पहचाना था। इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाश में कई जगह दबिश दी। आखिरकार आज सुबह नोएडा के सूरजपुर से गिरफ्तार कर लिया।
Source link
रेंज-रोवर डिफेंडर दिलाने के नाम पर बिजनेसमैन से ठगे 17-लाख:नोएडा से आरोपी गिरफ्तार; जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के बीच छिपकर काट रहा था फरारी
