Headlines

डूब क्षेत्र की फसल बचाने को परवन बांध के 4 गेट खोले, 2600 क्यूसेक पानी छोड़ा




पहली बार भरे जा रहे परवन बांध के डूब क्षेत्र में फसलों को बचाने के लिए बांध से पानी की निकासी शुरू कर दी गई है। बांध के 4 गेट खोलकर जलस्तर कम किया जा रहा है, ताकि डूब क्षेत्र में लहलहा रही फसलें खराब नहीं हो। दरअसल,बांध का पानी बढ़ने से डूब क्षेत्र के हनोती, महुवाखेड़ा, बरेड़ा समेत कई गांवों के खेतों में पानी भरने लगा था। इससे खड़ी फसलों के खराब होने का खतरा पैदा हो गया था। फसल बचाने की मांग को लेकर करीब 100 किसानों ने बांध का जलस्तर कम करने के लिए गेट खोलने की मांग उठाई। मंगलवार को झालावाड़ पहुंचीं पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के सामने यह मामला पहुंचा। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय से निर्देश मिलने पर मंगलवार रात ही बांध के दो गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू की गई। ग्रामीणों का कहना है कि बांध का जलस्तर 308 की जगह 303 तक रखा जाए तो डूब क्षेत्र के किसानों को फायदा होगा। ग्रामीणों को मुआवजा मिल चुका है, लेकिन खेतों में बोई फसलें पानी भरने से खराब हो रही हैं। आशंका है कि समय रहते जलस्तर कम नहीं किया गया तो खड़ी फसल को नुकसान होगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *