![]()
गुरदासपुर में एक लड़की ने अपने ही बॉयफ्रेंड को सुपारी देकर इतना पिटवाया कि उसकी मौत हो गई। लड़की के अपने बॉयफ्रेंड के अलावा कुछ और लड़कों के साथ संबंध थे। इस बाद का पता युवक को चल गया था, और वह लड़की को छोड़ना चाहता था। जब लड़की को इस बात का पता चला तो उसने बॉयफ्रेंड को मिलने के लिए बुलाया। इस दौरान उसने पैसे देकर कुछ दूसरे लड़कों को भी बुला लिया, जिन्होंने बॉयफ्रेंड को इतना पीटा कि अस्पताल में उसकी मौत हो गई। जब लड़की को उसके बॉयफ्रेंड के मर्डर के आरोप में पकड़ा गया तो उसने पूछताछ में पुलिस से कहा- मैंने केवल हाथ-पैर तोड़ने के लिए उन लड़कों को पैसे दिए थे। उसका सिर फोड़कर मार डालने के लिए नहीं। गुरदासपुर के SP ने बताया है कि इस मामले में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन कर दिया गया है। लड़की 16 साल की नाबालिग है और पुलिस हिरासत में है। उससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपी लड़कों को जेल भेजा जाएगा। मृतक की मां-बहन ने लगाए आरोप जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान कुलदीप सिंह के इकलौते बेटे तेजिंदर सिंह के रूप में हुई है। वह गुरदासपुर के खोखरा गांव का रहने वाला था। उसकी लव स्टोरी की शुरुआत लगभग 3 साल पहले हुई, जब उसने अपने ही स्कूल की एक लड़की से बातचीत शुरू की। 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के दिनों से ही दोनों एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। समय बीतने के साथ दोनों का रिश्ता गहरा होता गया। हालांकि, जब तेजिंदर के परिवार को इस बात की भनक लगी, तो उन्हें यह रिश्ता सही नहीं लगा। तेजिंदर की मां ने कहा कि लड़की का व्यवहार और नीयत ठीक नहीं है। उन्होंने अपने बेटे को समझाने की कोशिश की। मां ने साफ कहा था, “बेटा, तू इस रास्ते से पीछे हट जा। यह लड़की अच्छी नहीं है। कल को हमारा घर बर्बाद हो जाएगा।” तेजिंदर को हुआ शक, तोड़ दिए सारे नाते शुरुआत में तेजिंदर को अपनी मां की बातों पर यकीन नहीं हुआ, लेकिन अब से करीब 3 महीने पहले उसे पता चला कि वह लड़की केवल उससे ही नहीं, बल्कि कई अन्य युवकों के साथ भी लगातार बातें करती है और संबंध रखती है। मृतक की मां कहना है कि अपनी आंखों से सच देखने के बाद तेजिंदर ने उस लड़की से दूरी बनानी शुरू कर दी। उसने साफ कह दिया कि वह अब उसके साथ कोई रिश्ता नहीं रखना चाहता। करीब 3 महीने तक तेजिंदर ने उससे दूरी बनाए रखी, यही बात उस लड़की को बर्दाश्त नहीं हुई। उसके दिल में बदले की आग भड़क उठी। मुकेरियां में हंगामा, फोन तोड़ा परिजन का कहना है कि पीछा छुड़ाने की कोशिश कर रहे तेजिंदर के पीछे वह लड़की मुकेरियां तक पहुंच गई। वह उसे एक रेस्टोरेंट और फिर होटल में ले गई, जहां दोनों के बीच करीब 3 घंटे तक भारी खींचतान और तकरार हुई। लड़की की हरकतों से परेशान होकर तेजिंदर ने अपना रुख कड़ा किया, तो गुस्से में आकर लड़की ने तेजिंदर का मोबाइल तोड़ डाला। इसके बाद गुरदासपुर के चक्क शरीफ बाजार में गिफ्ट वापस करने के दौरान भी दोनों में तीखी बहस हुई। बहन बोली- वारदात से 2 दिन पहले आया था मैसेज तेजिंदर की बहन ने रोते हुए बताया- 18 सितंबर को जब उसके भाई पर जानलेवा हमला किया गया, उससे ठीक दो दिन पहले उस लड़की ने अपनी सहेली के फोन से मुझे मैसेज भेजा था। मैसेज में लड़की ने लिखा, ‘तेजिंदर मुझे कह रहा है कि मैं तेरे साथ कोई रिश्ता नहीं रखना चाहता, क्योंकि मेरी फैमिली नहीं मानती।’ इस पर बहन ने उसे सख्त लहजे में जवाब दिया, “तुझे दो महीने पहले भी कहा था कि मेरे भाई से कोई लिंक मत रख। जब वह बहुत खुश है और पीछे हट चुका है, तो तू भी पीछे हट जा।” बहन का आरोप है कि बस यही बात उस लड़की को चुभ गई। अपनी खुंदस निकालने और तेजिंदर को सबक सिखाने के लिए उसने एक प्लान तैयार किया। भूसा गांव में 9 युवकों को बुलाया, कत्ल करवाया तेजिंदर की बहन के मुताबिक, लड़की ने तेजिंदर को रास्ते से हटाने के लिए अपने नेटवर्क का इस्तेमाल किया और भूसा गांव में 9 युवकों को इकट्ठा किया। इसके बाद तेजिंदर को मिलने बुलाया। 18 सितंबर की शाम को जब तेजिंदर वहां पहुंचा तो उन युवकों ने उस पर हमला बोल दिया। मृतक की बहन के मुताबिक, उसके भाई पर इतने बेरहम तरीके से हमला किया गया कि उसका सिर फोड़ दिया गया और उसे तड़प-तड़पकर मरने के लिए छोड़ दिया गया। इसके बाद हमलावर और वह लड़की वहां से भाग गए। गांव के लोगों ने तेजिंदर के घायल होने की सूचना दी। आरोपी बोली- मार डालने के लिए नहीं कहा था परिजन का आरोप है कि हत्याकांड के बाद उस लड़की ने खुद को पूरी तरह बेगुनाह दिखाने का नाटक रचा। वारदात के अगले दिन दोपहर ढाई बजे उसने तेजिंदर के चाचा को फोन किया और पूछा, “इंदर का क्या हाल है?” जब चाचा ने पूछा कि तुम कौन बोल रही हो, तो उसने अपना नाम बताया और तुरंत फोन काट दिया। 23 सितंबर को जब पुलिस ने उस लड़की को हिरासत में लिया, तो थाने में उसने अपना जुर्म कबूल किया। तेजिंदर की बहन के अनुसार, लड़की ने पुलिस के सामने खुद यह बात कबूली कि उसने युवकों को तेजिंदर की केवल टांगें तोड़ने के पैसे दिए थे, उसका सिर फोड़कर मार डालने के नहीं। परिजन बोले- जब तक इंसाफ नहीं मिलेगा, अंतिम संस्कार नहीं करेंगे 18 सितंबर को हमले के बाद तेजिंदर का इलाज अस्पताल में चल रहा था। इसके बाद मंगलवार, 29 सितंबर को वेंटिलेटर पर ही उसकी मौत हो गई। परिवार का कहना है कि वे अपने बेटे के शव का तब तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे, जब तक कि साजिश रचने वाली उस लड़की और उसके द्वारा भेजे गए सभी 9 हमलावरों को गिरफ्तार करके सख्त से सख्त सजा नहीं दी जाती। SP बोले- SIT का गठन किया, इंसाफ होगा वहीं, इस मामले में SP मनोज ठाकुर ने कहा कि 20 सितंबर को तेजिंदर के पिता कुलदीप सिंह ने शिकायत दी थी और उसी दिन FIR दर्ज कर ली गई। परिजन की मांग और मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP के निर्देशों पर 3 सदस्यीय SIT गठित की गई है। उन्होंने कहा कि परिजन ने काहनूवान थाना पुलिस की जांच पर असंतोष जताया था। इसके बाद SIT बनाकर जांच शुरू की गई है। मामले में नामजद आरोपी लड़की को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया है, और उससे लगातार पूछताछ जारी है। जांच में जो भी सच्चाई सामने आएगी, उसकी के आधार पर दोषियों पर कार्रवाई होगी।
Source link
लड़की ने अपने ही बॉयफ्रेंड की दी सुपारी:गुरदासपुर में लड़कों ने पीटकर मार डाला; पकड़े जाने पर बोली- मैंने हाथ-पैर तोड़ने के पैसे दिए थे
