![]()
भास्कर न्यूज| राजनांदगांव स्वच्छ शहर और स्वस्थ पर्यावरण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी से तैयार होता है। इसी संदेश के साथ ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ पखवाड़े के तहत नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के राजनांदगांव व्यवसाय कार्यालय में स्वच्छता एवं पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान में अधिकारी-कर्मचारी, बीमा अभिकर्ता, व्यवसाय सहयोगी और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के संकल्प के साथ श्रमदान से हुई। कार्यालय परिसर और आसपास के सार्वजनिक क्षेत्रों में सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इसके बाद ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत पौधारोपण किया गया। पौधे लगाए ही नहीं, संरक्षण की जिम्मेदारी भी ली: पौधारोपण के दौरान लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी लेने का संकल्प भी लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की वास्तविक सफलता पौधे लगाने की संख्या से नहीं, बल्कि उनके जीवित रहने और वृक्ष बनने से तय होगी। कार्यक्रम में अनिल नीले, एस. अमित कुमार, अंकित दलाल, साक्षी बडगे, संजय बहादुर सिंह, देवानंद साहू, ललित पंध्रे, मुकेश साहू, महेश्वर साहू, योगेश्वर राव, प्रमोद साहू और रोशन यादव सहित अधिकारी-कर्मचारी, बीमा अभिकर्ता, व्यवसाय सहयोगी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। पर्यावरण बचाना केवल हर व्यक्ति की जिम्मेदारी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय बहादुर सिंह ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर कहा कि आज विकास के साथ पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना सबसे बड़ी जरूरत है। पेड़ केवल हरियाली का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि वे हवा, पानी और आने वाली पीढ़ियों के जीवन से सीधे जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाना अच्छी शुरुआत है, लेकिन उसे पेड़ बनने तक सुरक्षित रखना उससे भी बड़ी जिम्मेदारी है। अतिथियों ने कहा कि शहरों में लगातार बढ़ते निर्माण और घटते हरित क्षेत्र के बीच प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना होगा। घर, कार्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के साथ ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी सबसे बड़ी विरासत बन सकते हैं। संजय बहादुर सिंह ने लोगों से अपील की कि स्वच्छता और पौधारोपण को केवल अभियान या किसी एक दिन तक सीमित न रखें।
Source link
एक घंटे का श्रमदान करने के बाद एक पेड़ मां के नाम किया पौधरोपण
