Headlines

एक जमीन दो लोगों को बेच 7 लाख की धोखाधड़ी:आरोपी गिरफ्तार, एक से पैसा लेकर भी नहीं कराई रजिस्ट्री; 3 स्थायी वारंट भी थे लंबित




कोरबा में पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने मकान, जमीन और मलबा बेचने का सौदा कर एक व्यक्ति से 7 लाख रुपए लिए, लेकिन बाद में उसी जमीन को किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दिया। आरोपी के खिलाफ चेक बाउंस के मामले में 3 स्थायी वारंट भी जारी थे। यह रजगामार चौकी का मामला है। पुलिस के मुताबिक, रजगामार निवासी सिकंदर ने शिकायत की थी कि हनुमान प्रसाद यादव (38) और उसकी पत्नी अनीता यादव ने 22 नवंबर 2023 को मकान, जमीन और मलबा बेचने के लिए इकरारनामा किया था। इसके बदले दोनों ने सिकंदर से 7 लाख रुपए लिए थे। रकम लेने के बाद आरोपी पक्ष ने न तो सिकंदर के नाम जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही उसे मलबा दिया। आरोप है कि इकरारनामा होने के बावजूद हनुमान प्रसाद ने जमीन किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दी। शिकायत के आधार पर रजगामार चौकी पुलिस ने धारा 420 और 34 IPC के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू की। घटना के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी और मुखबिरों से भी जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी उत्तर प्रदेश से वापस आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रतनपुर बस स्टैंड पर घेराबंदी की और बस से उतरते ही हनुमान प्रसाद यादव को गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी के खिलाफ NI Act की धारा 138 के तहत चेक बाउंस के तीन मामले चल रहे थे। इन मामलों में कोर्ट ने 2022 और 2024 में उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किए थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इन वारंटों में भी कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *