![]()
राजधानी के खमतराई इलाके में शनिवार दोपहर ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय के अपहरण का मामला सामने आया है। रांवाभाठा स्थित डीएम टावर के पास काले रंग की स्कार्पियो में पहुंचे तीन युवकों ने कारोबारी को बातचीत के बहाने नीचे बुलाया और जबरन गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए। घटना के करीब 24 घंटे बाद भी पुलिस कारोबारी का पता नहीं लगा पाई है। हालांकि पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला पुलिस के मुताबिक वारदात शुक्रवार दोपहर करीब 2:28 बजे की है। प्रतीक राय दोपहर का खाना खाने के लिए डीएम टावर स्थित अपने फ्लैट पहुंचे थे। इसी दौरान काले रंग की स्कार्पियो उनके भवन के बाहर आकर रुकी। उसमें तीन युवक सवार थे। तीनों प्रतीक के घर पहुंचे और जरूरी बात करने की बात कहकर उन्हें नीचे बुलाया। प्रतीक उनके साथ नीचे आए और कुछ देर तक बातचीत हुई। इसके बाद युवकों ने अचानक उन्हें पकड़ लिया और जबरदस्ती स्कार्पियो में बैठा लिया। आरोपी इसके बाद तेज रफ्तार से वहां से निकल गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज घटना के बाद प्रतीक का मोबाइल फोन बंद है। पति के अचानक लापता होने से परेशान पत्नी अनिता राय ने खमतराई थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है। अब तक परिवार के पास फिरौती के लिए कोई फोन नहीं आया है। दो मोबाइल नंबर मिले, CCTV खंगाल रही पुलिस पुलिस की जांच में कॉलोनी के एक युवक ने स्कार्पियो सवार दो युवकों के मोबाइल नंबर पुलिस को दिए हैं। इन नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और टावर लोकेशन की जांच की जा रही है। साथ ही डीएम टावर और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि स्कार्पियो का नंबर और आरोपियों की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि कारोबारी की तलाश के लिए संभावित रास्तों पर जांच की जा रही है और आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं।
Source link
रायपुर में ट्रांसपोर्ट कारोबारी का दिनदहाड़े अपहरण:काली स्कार्पियो में आए 3 बदमाश, बातचीत के बाद गाड़ी में जबरिया बिठाया; पुलिस जुटी तलाश में
