Headlines

Punjab Chandigarh News | congress Pargat Singh | Child Murder Suicide Case


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर कांग्रेस के नए प्रधान परगट सिंह से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में डेमोक्रेसी, MLA जीतने के बाद CM चुनते हैं। वे दिल्ली में सचिन पायलट से मिलने उनके घर पहुंचे। परगट कल यानी 4 अक्टूबर को कार्यभार संभालेंगे।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. कांग्रेस प्रधान बोले- हमारी पार्टी में डेमोक्रेसी, MLA जीतने के बाद CM चुनते हैं

जालंधर कैंट से कांग्रेस के विधायक परगट सिंह ने पंजाब पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद दिल्ली के गुरुद्वारा बंगला साहिब में माथा टेका। यहां उन्होंने कहा कि जब आप यहां आते हैं तो दुनिया और पंजाब की भलाई के लिए प्रार्थना करते हैं। साथ ही, यह भी प्रार्थना करते हैं कि हमें नकारात्मक राजनीति को नकारने की ताकत मिले और पंजाब अपनी सही भूमिका निभा सके।

इस दौरान परगट ने गुटबाजी पर भी बात की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है, बस विचारों में अंतर है। हमारे सभी नेता एक ही मंच पर साथ हैं। कांग्रेस में तानाशाही की नहीं, बल्कि आपसी समझ की राजनीति होती है। इसके थोड़ी देर बाद वो अमृतसर के सांसद गुरजीत औजला के साथ दिल्ली में सचिन पायलट से मिलने उनके घर पहुंचे।

जब उसने पूछा गया कि पार्टी ने CM फेस के रूप में किसी को अब तक क्यों नहीं उतारा। इस पर परगट सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी डेमोक्रेसी से चलती है। यहां पहले से CM फेस घोषित नहीं करते। जीत दर्ज करने के बाद ही विधायकों से फैसला होता है कि CM कौन होगा। (पढ़ें पूरी खबर)

2. 6 साल के बच्चे को मारकर रजवाहे में फेंका

फरीदकोट में एक रजवाहे (नहर) से बच्चे की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। बच्चे का शव पानी में बह रहा था। उसके शरीर पर चोटों के गहरे निशान थे, उसके हाथ और पैर एक बारीक तार से बांधे गए थे, जिससे हाथ-पैर लगभग कट गए थे।

बच्चे ने खाकी रंग की टी-शर्ट पहनी हुई थे, जिस पर अंग्रेजी में लिखा था- ऑलवेज हैव एटिट्यूड (Always Have Attitude)। बच्चे ने काले रंग का हाफ पैंट और पैरों में सैंडल पहन रखे थे। बच्चे की उम्र करीब 6 साल बताई गई है।

पुलिस का कहना है कि बच्चे की हत्या की गई है। इसके बाद उसे बारीक तार से बांधकर नहर में फेंका गया है। इस मामले की जांच की जा रही है। अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है। बच्चे की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों में सूचना दे दी गई है। (पढ़ें पूरी खबर)

3. युवक को गोलियों से भूना, 6 महीने पहले दूसरी शादी की थी

लुधियाना में कार सवार युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर हत्या कर दी गई। युवक की छाती पर 2 गोलियां लगी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। वह सफेद i-20 कार से मुल्लांपुर से शॉपिंग के बाद अपने गांव माजरी जा रहा था।

रास्ते में वरना कार सवार बदमाशों ने उसकी कार को पहले टक्कर मारी और रोककर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमले के बाद i-20 कार बेकाबू होकर खंभे से टकरा गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।

जांच में सामने आया कि बदमाश युवक के साथ बैठे उसके दोस्त को मारने आए थे। हालांकि, वो जान बचाकर भाग निकला। उधर, मामला सामने आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मारे गया युवक खुद चोरी के मामले में 6 महीने पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था और दूसरी शादी की थी। (पढ़ें पूरी खबर)

4. 9 साल पुराने साथी ने की बैट से हत्या, कन्फर्म करने को गला घोंटा

पठानकोट में शिवसेना हिंद कोर कमेटी के चेयरमैन रवि शर्मा के भाई जितेंद्र शर्मा (38) की मौत मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि जितेंद्र शर्मा का कत्ल उसके साथ 9 साल से काम करने वाले सुशील शर्मा ने अपने सगे भाई हेमंत शर्मा के साथ मिल कर किया। कत्ल की वजह भी हैरान कर देने वाली है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुशील जितेंद्र से जलता था। जिसके चलते उसने एक महीने पहले ही हत्या की साजिश रचनी शुरु कर दी थी। शिवसेना नेता रवि शर्मा ने जितेंद्र की मौत के दिन ही हत्या की आशंका जताई थी, जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाया था।

फिलहाल, पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल बैट भी बरामद किया है। इससे वार कर आरोपियों ने जितेंद्र को मौत के घाट उतारा था। पुलिस का मानना है कि इस मामले में अन्य लोगों की इन्वॉल्वमेंट हो सकती है, इसलिए मामले की जांच जारी है। (पढ़ें पूरी खबर)

5. पति ने की आत्महत्या, पत्नी बोली- कई से रिलेशन थे

मोहाली के खरड़ में युवक ने अपनी पत्नी और सास पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर सुसाइड कर लिया। उसने मरने से पहले एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने ये आरोप लगाए थे। अब इस मामले में उसकी पत्नी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर अपना पक्ष रखा है।

पत्नी का आरोप है कि उसका पति से 2021 से कोई संपर्क नहीं था। उसने यहां तक आरोप लगाया कि उसके कई लड़कियों से रिलेशन थे। आरोपी पत्नी ने कहा- वह पहले मुझसे मारपीट करता था। उससे अभी मेरा तलाक नहीं हुआ था, लेकिन फिर भी उसने दूसरी शादी कर रखी थी। मेरी प्रशासन से मांग की है कि सारे मामले की गंभीरता से जांच की जाए। मैं चाहती हूं कि मेरी व मेरे बच्चे की जिंदगी खराब न हो।

गौरतलब है कि 27 सितंबर को खरड़ में शिंगा रीवाला के रहने वाले दविंदर सिंह ने जहरीला पदार्थ निगल लिया था। इसके बाद 28 सितंबर को उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी निशा रानी और सास सुलोचना रानी के खिलाफ केस दर्ज किया है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. भाजपा सांसद ने अकाल तख्त से मांगी माफी

अमृतसर में भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार के सामने पेश होकर माफी मांगी। उन्होंने हाल ही में 1984 के सिख नरसंहार के दोषी सज्जन कुमार के निधन के बाद उनके घर के पास रुकने पर अपनी गलती स्वीकार की।

बिधूड़ी ने कहा कि आज मैं श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार साहिब के सामने पेश हुआ। मेरे मन पर एक बड़ा बोझ था। हाल ही में जब सज्जन कुमार का निधन हुआ था, तब हम उनके घर के पास से गुजर रहे थे और कुछ देर वहां रुके थे। इस संबंध में एक खबर प्रकाशित हुई थी। आज जत्थेदार साहिब के सामने पेश होकर मैंने माफी मांगी और अपनी गलती स्वीकार की।

भाजपा सांसद ने कहा कि वह लंबे समय से गुरु घर से जुड़े हुए हैं। उन्होंने 1984 में निर्दोष सिखों की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय से लेकर अब तक, चाहे किसी भी पार्टी की सरकार सत्ता में रही हो, वह लगातार निर्दोष सिखों के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा देने और फांसी पर लटकाने की मांग करते रहे हैं। (पूरी खबर पढ़ें)

7. CM ने अफसरों को सम्मानित किया, बोले- निडर होकर करें काम

पंजाब सरकार ने राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और नशीले पदार्थों व अपराध के खिलाफ शानदार कार्रवाई करने वाले पुलिस अधिकारियों को नकद इनाम देकर सम्मानित किया है। महाराजा रणजीत सिंह पुलिस अकादमी, फिलौर में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अधिकारियों का मार्गदर्शन किया।

इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर तैनात एसएचओ और डीएसपी अधिकारियों की भूमिका की जमकर सराहना की।पंजाब पुलिस के बहादुर और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को उनकी सेवाओं के लिए नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

सीएम भगवंत मान ने बताया कि जब इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही थी, तब उन्होंने केवल कागजी आंकड़ों और रिकवरी रिपोर्टों पर निर्भर रहने के बजाय सीधे जनता के संपर्क में रहने वाले अधिकारियों से मिलने का फैसला किया। (पढ़ें पूरी खबर)

8. पंजाबी सिंगर रौंता अमृतपाल की पार्टी में शामिल

पंजाबी सिंगर और लेखक गिल रौंता सांसद अमृतपाल की पार्टी ‘वारिस पंजाब दे’ में शामिल हो गए। मोहाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली। इस मौके पर पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष तरसेम सिंह, वरिष्ठ नेता और दाखा के विधायक मनप्रीत सिंह इयाली तथा सांसद सरबजीत सिंह खालसा मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान ‘वारिस पंजाब दे’ की पुआध इकाई के कार्यालय का उद्घाटन भी किया गया। सिंगर गिल रौंता ने कहा कि वह पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते रहे हैं। उनका कहना है कि अब संगठन के माध्यम से लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं और आवाज को उठाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि लोगों से सीधे संपर्क में रहना और उनके मुद्दों को समझना जरूरी है। संगठन के माध्यम से पंजाब से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखने के साथ लोगों के साथ लगातार संपर्क बनाने का प्रयास किया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर)

9. युवक की किरच मारकर हत्या, पेट की अंतड़ियां बाहर आईं

लुधियाना के साहनेवाल में रंजिश के चलते एक युवक की धारदार हथियार (किरच) से हत्या कर दी गई। हमला इतना जबरदस्त था कि युवक के पेट की अंतड़ियां तक बाहर आ गईं। उसके सिर पर भी हथियार से वार किया गया। युवक घर पर गैस सिलेंडर खत्म होने के कारण खाना लेने पुराना बाजार साहनेवाल जा रहा था।

दीपक कुमार निवासी अनंत विहार कॉलोनी रामगढ़ रोड ने बताया कि उसका भाई दिनेश कुमार (35) एक अक्टूबर की रात घर पर गैस सिलेंडर खत्म होने के कारण बाजार से खाना लेने गया था। जैसे ही वह पुराना बाजार के पास पहुंचा तो वहां एक्सिस बैंक के ATM के पास कुछ बदमाशों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने रंजिश के चलते उसके साथ मारपीट की।

धारदार हथियारों से दिनेश को लहूलुहान कर दिया। उसके पेट की अंतड़ियां बाहर निकल आईं। सिर पर भी गहरी चोटें आईं। खून से लथपथ दिनेश को सड़क पर फेंक बदमाश मौके से फरार हो गए। उन्हें जब घटना का पता चला तो वे दिनेश को लेकर साहनेवाल सिविल अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके….

10. हीरोगिरी के चक्कर में फंस गया LPU हिंसा का आरोपी

फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हिंसा के दौरान हीरोगिरी दिखाना जेम्स दहिया को भारी पड़ गया। हिंसा के बीच सिगरेट पीते और धुआं उड़ाते हुए उसने अपना वीडियो बनाया और इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। साथ में लिखा- ‘जो कुछ किया है, वह निस्वार्थ भाव से किया है।’ सोशल मीडिया पर अपनी बहादुरी दिखाने की कोशिश में डाला गया यही वीडियो उसकी पहचान का आधार बना। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि हिंसा के दौरान सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने और पुलिस की गाड़ियों पर हमले करवाने में इन्फ्लुएंसर्स मोहम्मद फरहत देव और जेम्स दहिया की अहम भूमिका रही। पुलिस अब दोनों की भूमिका से जुड़े डिजिटल सबूत जुटा रही है। मोहम्मद फरहत देव को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ पहुंची है।

दावा किया जा रहा है कि हिंसा के बाद दोनों ने जलती हुई गाड़ियों के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए थे। इनके साथ लिखा था- ‘हमें इंसाफ मिल गया है।’ पुलिस ने अभी दोनों की तस्वीरें जारी नहीं की हैं। जांच में पुलिस सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो और आरोपियों के आपसी संपर्कों की पड़ताल कर रही है।(पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *