Headlines

तीसरे दिन युवती का शव दामोदर नदी में मिला:सिंदरी बस्ती के पास नदी में तैरता मिला शव, जिउतिया पर्व पर नहाते समय डूबी थी




झरिया के सुदामडीह थाना क्षेत्र के अमलाबाद स्थित दामोदर नदी में जिउतिया पर्व के दौरान शुक्रवार को डूबी 16 वर्षीय सोनाक्षी कुमारी का शव रविवार सुबह बरामद हो गया। सिंदरी बस्ती के समीप ग्रामीणों ने नदी में शव को तैरता देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। इसके बाद परिजनों ने शव की पहचान सोनाक्षी कुमारी के रूप में की। बेटी का शव देखते ही परिजन रोने-बिलखने लगे। बताया गया कि सोनाक्षी आरा से लोदना स्थित अपनी नानी के घर आई थी। शुक्रवार को जिउतिया पर्व के अवसर पर वह परिवार के सदस्यों के साथ अमलाबाद स्थित दामोदर नदी में स्नान करने गई थी। इसी दौरान वह नदी के गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गई। सोनाक्षी को डूबता देख उसके मामा अमन उसे बचाने के लिए नदी में उतर गए। तेज बहाव के कारण दोनों डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने अमन को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन सोनाक्षी तेज धार में बह गई। शुक्रवार से चल रहा था सर्च ऑपरेशन घटना के बाद शुक्रवार को ही पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों ने सोनाक्षी की तलाश शुरू कर दी थी। काफी प्रयास के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने बिरसा पुल जाम कर विरोध भी जताया था। इसके बाद भटिंडा फॉल से प्रशिक्षित गोताखोरों को बुलाकर नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। गोताखोरों ने नदी के अलग-अलग हिस्सों में काफी देर तक तलाश की, लेकिन सोनाक्षी का पता नहीं चल सका। शनिवार को रांची से एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने आधुनिक उपकरणों की मदद से नदी में तलाशी अभियान चलाया। नदी में तेज बहाव और अधिक गहराई को देखते हुए संभावित स्थानों पर सघन सर्च ऑपरेशन किया गया। इसके बाद भी शनिवार तक सोनाक्षी नहीं मिल सकी थी। तीसरे दिन नदी में तैरता मिला शव रविवार सुबह सिंदरी बस्ती के समीप ग्रामीणों ने नदी में एक शव तैरता देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। परिजनों ने शव की पहचान सोनाक्षी के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के लिए शव भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। सोनाक्षी की मौत की खबर के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिउतिया पर्व के दौरान हुई इस घटना से इलाके में भी शोक का माहौल है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *