![]()
मथुरा और वृंदावन की लगभग 29 आवासीय सोसायटियों में रहने वाले परिवारों को अपने घरेलू एलपीजी गैस कनेक्शन सरेंडर करने होंगे। यह जानकारी आपूर्ति विभाग के एआरओ फूल सिंह यादव ने दोपहर 2 बजे जानकारी देते हुए बताया कि इन क्षेत्रों में टोरेंटो और गेल (GAIL) की पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) सुविधा पहले से उपलब्ध है। यदि उपभोक्ता निर्धारित प्रक्रिया के तहत एलपीजी कनेक्शन जमा नहीं करते हैं, तो सरकार ऐसे कनेक्शनों को स्वतः निरस्त करने की कार्रवाई करेगी। जिन प्रमुख आवासीय क्षेत्रों में यह व्यवस्था लागू होगी, उनमें राधा पुरम, राधा वैली, पुष्पांजलि उपवन, बैकुंठ बिहार, केशव कुंज, अशोका सिटी और कृष्णा ऑर्चर्ड सहित कुल 29 सोसायटियां शामिल हैं। इन सभी क्षेत्रों में घरों तक पाइपलाइन के माध्यम से गैस आपूर्ति की सुविधा पहले से ही संचालित है। एआरओ फूल सिंह यादव ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) प्रणाली पूरी तरह सुरक्षित, सुविधाजनक और निरंतर गैस आपूर्ति सुनिश्चित करती है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की बुकिंग, डिलीवरी और रखरखाव जैसी समस्याओं से भी राहत प्रदान करती है। जिन क्षेत्रों में पीएनजी की सुविधा उपलब्ध है, वहां एलपीजी कनेक्शन बनाए रखने की आवश्यकता नहीं है। यादव ने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद में गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को निर्बाध रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे समय रहते अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर दें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रशासन का कहना है कि यह कदम सुरक्षित, आधुनिक और सुव्यवस्थित गैस वितरण व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।
Source link
मथुरा की 29 सोसायटियों में LPG कनेक्शन सरेंडर होंगे:PNG सुविधा उपलब्ध, न करने पर सरकार करेगी कार्रवाई
