![]()
कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में आज सोमवार को होने वाले किसानों के हल्लाबोल से पहले यमुनानगर में पुलिस कार्रवाई को लेकर किसान संगठनों और प्रशासन के बीच तनाव बढ़ गया है। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के नेताओं का आरोप है कि किसानों को महापंचायत में जाने से रोकने के लिए पुलिस सोमवार तड़के ही उनके घरों तक पहुंच गई। भाकियू यमुनानगर के डायरेक्टर मनदीप रोडछप्पर के घर के बाहर सुबह करीब चार बजे पुलिस पहुंची। मनदीप ने इसका सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया है। वहीं, जिलाध्यक्ष संजू के घर पर भी सीआईए की दो गाड़ियां पहुंचने का दावा किया गया है। किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने सोमवार सुबह 10 बजे शाहाबाद के शहीद ऊधम सिंह स्मारक पर किसानों से जुटने का आह्वान किया है। उन्होंने किसानों से लठ लेकर पहुंचने की अपील करते हुए कहा है कि 22 सितंबर को जिस स्थान पर किसानों के साथ कार्रवाई हुई थी, वहीं दोबारा किसान एकत्र होंगे। चेतावनी दी कि यदि किसानों पर लाठीचार्ज किया तो वे भी पीछे नहीं हटेंगे। जिलाध्यक्ष बोले- घर का कोना-कोना छाना, गलियों में भी तलाशे किसान भाकियू के यमुनानगर डायरेक्टर मनदीप रोडछप्पर ने बताया कि सोमवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस उनके घर के बाहर पहुंची। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज जारी किया है। जिसमें घर के बाहर करीब पांच पुलिस कर्मी गेट खटखटाते हुए उन्हें आवाज लगा रहे हें। मनदीप का कहना है कि किसान अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक पंचायत में शामिल होना चाहते हैं। भाकियू यमुनानगर जिलाध्यक्ष संजू ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि सोमवार सुबह उनके घर पर सीआईए की दो गाड़ियां पहुंचीं। पुलिस ने घर की तलाशी ली और आसपास की गलियों में भी किसानों की तलाश की गई। संजू ने कहा कि सरकार किसानों को महापंचायत में पहुंचने से रोकने का प्रयास कर रही है, जबकि किसान अपनी धान की फसल की खरीद को लेकर परेशान हैं। किसी भी तरह शाहाबाद पहुंचें किसान संजू ने कहा कि 23 सितंबर को हुई पंचायत में सरकार की ओर से 25 सितंबर से धान खरीद शुरू कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक कई किसानों की पोर्टल वेरिफिकेशन नहीं हुई है। जब तक वेरिफिकेशन पूरी नहीं होगी, किसान अपनी फसल बेच नहीं पाएंगे। इसी समस्या को लेकर किसान शाहाबाद में पंचायत करने जा रहे हैं। संजू ने किसानों से अपील की कि वे पुलिस की कार्रवाई से डरें नहीं और किसी भी तरह शाहाबाद पहुंचें। वहीं, चढूनी के लठ लेकर पहुंचने के आह्वान के बाद महापंचायत को लेकर प्रशासन की सतर्कता भी बढ़ गई है।
Source link
किसानों की शाहाबाद कूच से पहले यमुनानगर में पुलिस अलर्ट:सुबह-सुबह किसान नेताओं के घर दबिश, किसान नेताओं को रोकने के आरोप
