![]()
जालंधर के माईं हीरां गेट बाजार में 24 घंटे के भीतर चोरों ने लगातार दूसरी बार धावा बोलते हुए 4 और दुकानों को निशाना बनाया। चोर छत के रास्ते घुसे और दो दुकानों से करीब 1.03 लाख रुपये की नकदी तथा सीसीटीवी कैमरे चुराकर फरार हो गए। एक दिन पहले ही यहां एक आटे की चक्की में चोरी हुई थी। लगातार हो रही वारदातों से गुस्साए स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए थाने का रुख किया है। पूरी वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है। जालंधर का सबसे व्यस्त और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र माईं हीरां गेट इन दिनों चोरों के निशाने पर है। अभी एक दिन पहले ही चोरों ने एक आटे की चक्की से नकदी, देसी घी और ड्राई फ्रूट्स उड़ाए थे। पुलिस अभी इस मामले की गुत्थी सुलझा भी नहीं पाई थी कि 24 घंटों के भीतर चोरों ने दोबारा दबिश देकर चार और दुकानों पुरी ऑप्टिकल, इंग्लिश बुक, बुक सेंटर और धवन एम्पोरियम में चोरी की घटना को अंजाम दे डाला।
चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज के अनुसार, चोर छत के रास्ते से दुकानों में दाखिल हुए और बेहद शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद चोरों ने पकड़े जाने के डर से अपने कपड़े भी बदले। बुक सेंटर के मालिक मनीष और इंग्लिश बुक शॉप के मालिक आशु रखेजा ने बताया कि जब सुबह दुकान खोली गई तो दरवाजे टूटे पड़े थे और सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने दोनों भाइयों की दुकानों को निशाना बनाया। चोर बुक सेंटर से 85 हजार रुपये और इंग्लिश बुक शॉप से 18 हजार रुपये की नकदी समेत कुल 1.03 लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
चोर छत का दरवाजा तोड़कर दुकानों में घुसे वहीं, धवन एम्पोरियम के मालिक अंकुश धवन और पूरी ऑप्टिकल के मालिक सुरेंद्र मल्होत्रा ने बताया कि चोर छत का दरवाजा तोड़कर उनकी दुकानों में घुसे थे। तिजोरियों के ताले टूटे हुए थे और चाबियां पास ही पड़ी थीं। हालांकि, गल्ले में नकदी न होने के कारण सामान चोरी होने से बच गया, लेकिन चोर धवन एम्पोरियम से सीसीटीवी कैमरे चुरा ले गए। लगातार दो दिनों में हुई चोरी की इन वारदातों से माईं हीरां गेट के व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है। दुकानदारों का आरोप है कि पुलिस को बार-बार शिकायत देने के बावजूद गश्त नहीं बढ़ाई जा रही और न ही कोई कार्रवाई हो रही है। पुलिस की इस ढिलाई से परेशान होकर सभी पीड़ित और स्थानीय व्यापारी एकजुट होकर पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने पहुंचे हैं।
Source link
जालंधर के माईं हीरां गेट बाजार में चोरी की वारदात:, चोरों ने चार दुकानों को बनाया निशाना, 1.03 लाख नगदी उड़ाए
