![]()
मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। बैतूल जिला अस्पताल की OPD में पिछले डेढ़ से दो महीने में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ी है। पहले जहां रोजाना करीब 700 से 800 मरीज पहुंच रहे थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 1000 से 1200 तक पहुंच रही है। इनमें वायरल फीवर, सर्दी-जुकाम और गैस्ट्राइटिस के मरीजों के साथ महिला, शिशु और हड्डी रोग से जुड़े मरीज भी शामिल हैं। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर में मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण वायरल संक्रमण और गैस्ट्राइटिस के मरीज बढ़ते हैं। सुबह-शाम ठंड, दिन में गर्मी से बढ़ी परेशानी पिछले करीब एक सप्ताह से ठंड की शुरुआत के साथ मौसम में बदलाव ज्यादा महसूस किया जा रहा है। सुबह और शाम ठंडक, जबकि दिन में अपेक्षाकृत गर्मी के कारण लोग वायरल फीवर, सर्दी-जुकाम और अन्य मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। मरीजों की संख्या बढ़ने से जिला अस्पताल की OPD में भीड़ दिखाई दे रही है। हालांकि राहत की बात यह है कि वायरल फीवर के कारण अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या फिलहाल कम है। अधिकांश मरीज जांच और डॉक्टर की सलाह के बाद दवा लेकर घर लौट रहे हैं। सिविल सर्जन ने दी सावधानी बरतने की सलाह सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे ने मौसम में बदलाव को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस मौसम में भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करें। पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थ लेते रहें और ताजा व साफ भोजन का सेवन करें। उन्होंने बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। मौसम में अचानक बदलाव के दौरान ठंडे और गर्म वातावरण के बीच सीधे संपर्क से बचने और तबीयत खराब होने पर समय पर डॉक्टर से जांच कराने की अपील की गई है। डॉ. घोरे ने लोगों को बिना डॉक्टर की सलाह के दवाएं लेने से बचने की भी सलाह दी है।
Source link
बैतूल में मौसम बदला, वायरल और गैस्ट्राइटिस के मरीज बढ़े:जिला अस्पताल में रोजाना 1000 से 1200 मरीज पहुंच रहे, सिविल सर्जन ने जारी की एडवाइजरी
